टेक महिंद्रा के मार्जिन में लगातार आ रहा सुधार, नई रणनीति का असरः सीईओ

टेक महिंद्रा के मार्जिन में लगातार आ रहा सुधार, नई रणनीति का असरः सीईओ

टेक महिंद्रा के मार्जिन में लगातार आ रहा सुधार, नई रणनीति का असरः सीईओ
Modified Date: March 9, 2026 / 01:49 pm IST
Published Date: March 9, 2026 1:49 pm IST

नयी दिल्ली, नौ मार्च (भाषा) सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी टेक महिंद्रा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एवं प्रबंध निदेशक मोहित जोशी ने कहा है कि तीन साल पहले तय की गई रणनीति के अब सकारात्मक परिणाम मिलने लगे हैं और इसका असर परिचालन मार्जिन में सुधार और बड़े सौदों में बढ़ोतरी के रूप में दिखाई दे रहा है।

जोशी ने पीटीआई-भाषा के साथ बातचीत में कहा कि दुनिया इस समय कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित डिजाइन और इंजीनियरिंग के साथ ‘उद्यम मेधा’ के नए दौर की तरफ बढ़ रही है और ऐसे में कंपनी का ध्यान अब स्थिरीकरण से आगे बढ़कर तेज वृद्धि की दिशा में है।

उन्होंने कहा कि अक्टूबर-दिसंबर 2025 की तिमाही में कंपनी का परिचालन मार्जिन करीब एक प्रतिशत अंक बढ़कर 13.1 प्रतिशत हो गया। यह लगातार नौवीं तिमाही रही जब मार्जिन में सुधार दर्ज किया गया है।

जोशी ने कहा, “पिछले 12 महीनों में हमारे वाणिज्यिक प्रदर्शन में मजबूती आई है और बड़े सौदों समेत कुल सौदों की मात्रा 48 प्रतिशत बढ़ गई है। इससे यह संकेत मिलता है कि ग्राहक हमारी स्पष्ट रणनीति, अनुशासित सौदा चयन और एआई-केंद्रित कायाकल्प, इंजीनियरिंग एवं विनिर्माण सेवाओं, दूरसंचार आधुनिकीकरण और वैश्विक क्षमता केंद्रों (जीसीसी) में बढ़ती क्षमताओं को सकारात्मक रूप में ले रहे हैं।”

विश्लेषकों का कहना है कि टेक महिंद्रा के मार्जिन प्रदर्शन ने अनुमान से बेहतर परिणाम दिए हैं। पीएल कैपिटल ने एक रिपोर्ट में कहा कि 13.1 प्रतिशत का मार्जिन उसके 12.6 प्रतिशत के अनुमान से अधिक रहा।

रिपोर्ट के मुताबिक, यह सुधार मुख्य रूप से ‘प्रोजेक्ट फोर्टियस’ के तहत दक्षता बढ़ने से सकल मार्जिन में सुधार और मुद्रा विनिमय से मिले मामूली लाभ के कारण हुआ।

दिसंबर तिमाही में कंपनी के नए सौदों का कुल अनुबंध मूल्य (टीसीवी) बढ़कर 1.09 अरब डॉलर हो गया, जो पिछले पांच वर्षों में सबसे अधिक तिमाही बुकिंग है जबकि एक साल पहले की तुलना में 47 प्रतिशत अधिक है।

जोशी ने कहा कि पिछले करीब 18 महीनों में कंपनी की नई रणनीति के ठोस परिणाम दिखने शुरू हो गए हैं और कंपनी अब तेज वृद्धि के अगले चरण की ओर बढ़ रही है।

अप्रैल 2024 में कंपनी ने तीन साल की परिवर्तन योजना ‘विजन 2027’ की घोषणा की थी। इसका उद्देश्य पोर्टफोलियो को मजबूत करना, परिचालन को सरल बनाना और ग्राहकों, कर्मचारियों एवं निवेशकों के बीच भरोसा बढ़ाना था।

भाषा प्रेम

प्रेम

प्रेम


लेखक के बारे में