रुपया शुरुआती कारोबार में 22 पैसे टूटकर 90.54 प्रति डॉलर पर

रुपया शुरुआती कारोबार में 22 पैसे टूटकर 90.54 प्रति डॉलर पर

रुपया शुरुआती कारोबार में 22 पैसे टूटकर 90.54 प्रति डॉलर पर
Modified Date: February 4, 2026 / 10:18 am IST
Published Date: February 4, 2026 10:18 am IST

मुंबई, चार फरवरी (भाषा) रुपया बुधवार को शुरुआती कारोबार में 22 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.54 पर पहुंच गया। भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद रुपये में आई तेजी आज जारी नहीं रह सकी।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के बाद सकारात्मक माहौल के बावजूद अब भी सावधानी बरतनी चाहिए क्योंकि अभी तक कोई हस्ताक्षरित या आधिकारिक रूप से जारी व्यापार समझौता नहीं हुआ है, न ही कोई ढांचागत पाठ या अंतिम दस्तावेज सामने आया है।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 90.35 पर खुला। फिर कमजोर होकर 90.54 प्रति डॉलर पर आ गया जो पिछले बंद भाव के मुकाबले 22 पैसे की गिरावट दर्शाता है।

भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समझौते पर सहमति बनने के बाद मंगलवार को भारतीय रुपया, अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 117 पैसे या 1.28 प्रतिशत की रिकॉर्ड बढ़त दर्ज करते हुए 90.32 पर बंद हुआ था। यह एशियाई मुद्राओं में सबसे अच्छा प्रदर्शन करने वाली मुद्रा के रूप में उभरा था।

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.02 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.41 पर था।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.65 प्रतिशत की बढ़त के साथ 67.77 डॉलर प्रति बैरल रहा।

घरेलू मोर्चे पर सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 68.49 अंक चढ़कर 83,816.96 अंक पर जबकि निफ्टी 51.90 अंक की बढ़त के साथ 25,779.45 अंक पर पहुंच गया।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) मंगलवार को लिवाल रहे थे और उन्होंने 5,236.28 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा निहारिका

निहारिका

निहारिका


लेखक के बारे में