कम आवक के बावजूद पंजाब में गेहूं का उठाव बढ़ा
कम आवक के बावजूद पंजाब में गेहूं का उठाव बढ़ा
नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) केंद्र ने कहा है कि फसल की कम आवक के बावजूद पंजाब की थोक मंडियों से गेहूं का उठाव पिछले साल की तुलना में अधिक तेजी से चल रहा है।
इससे चालू रबी विपणन सत्र के दौरान खरीद केंद्रों पर भीड़ कम हुई है।
सरकार ने कहा कि छह मई, 2026 तक मंडियों से गेहूं का उठाव 78.96 लाख टन रहा है, जबकि 2025 में इसी अवधि के दौरान यह 75.63 लाख टन था। हालांकि, राज्य में कुल आवक पिछले वर्ष के 125 लाख टन के मुकाबले लगभग 122 लाख टन रही है।
मंडियों में भीड़ कम करने के लिए खाद्य मंत्रालय ने मई माह के दौरान पंजाब के लिए तीन लाख टन की संयुक्त क्षमता वाली 100 अतिरिक्त ‘गेहूं विशेष’ रेल रैक आवंटित की हैं, जिन्हें उत्तर प्रदेश और दक्षिणी राज्यों में भेजा जाएगा।
मई, 2026 में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्ध 354 गेहूं विशेष रैक में से पंजाब को 201 आवंटित की गई हैं, जो अखिल भारतीय गेहूं परिवहन की कुल नियोजित मात्रा का लगभग 60 प्रतिशत है। अप्रैल, 2026 में, राज्य को देश भर में आवंटित 413 विशेष रैक में से 234 प्राप्त हुईं।
मंत्रालय ने बयान में कहा, ‘‘कम आवक के बावजूद अधिक उठाव स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि चालू सत्र में मंडियों से गेहूं की आवाजाही बेहतर है। मंडियों से सीधे गोदामों तक अनाज पहुंचाने वाली सीधी डिलिवरी सेवाओं को भी काफी हद तक बढ़ाया गया है। अप्रैल, 2026 में इस व्यवस्था के माध्यम से लगभग 3.5 लाख टन गेहूं की ढुलाई की गई, जबकि मई में 6.6 लाख टन और जून में आठ लाख टन की ढुलाई की योजना है।
भाषा अजय अजय रमण
रमण

Facebook


