रायपुर में 40,000 लोगों ने सुनी मोदी की ‘मन की बात’, भाजपा ने विश्व रिकॉर्ड बनने का दावा किया
रायपुर में 40,000 लोगों ने सुनी मोदी की ‘मन की बात’, भाजपा ने विश्व रिकॉर्ड बनने का दावा किया
रायपुर, 27 सितंबर (भाषा) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें एपिसोड को रविवार को रायपुर में करीब 40,000 लोगों ने सुना। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता तरुण चुग ने दावा किया कि इस कार्यक्रम ने विश्व रिकॉर्ड बनाया है।
यह कार्यक्रम रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के मंडी मैदान में आयोजित किया गया था, जहां बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारियों और आम लोगों ने सामूहिक रूप से कार्यक्रम सुना।
चुग ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह प्रधानमंत्री और देशभर के लोगों के बीच संवाद का माध्यम बन गया है।
उन्होंने कहा कि रायपुर में करीब 40,000 लोगों के एकसाथ कार्यक्रम सुनने को ‘गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ की छत्तीसगढ़ टीम ने एक विश्व रिकॉर्ड के रूप में मान्यता दी है।
चुग ने इसका श्रेय भाजपा कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी को दिया और कहा कि विभिन्न आयु वर्ग के लोगों की मौजूदगी कार्यक्रम की पहुंच को दर्शाती है।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ के कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, राज्यसभा सदस्य लक्ष्मी वर्मा तथा विधायक राजेश मूणत, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू और सुनील सोनी मौजूद थे।
भाषा अमित
अमित

Facebook


