छत्तीसगढ़ की बिलासपुर केंद्रीय जेल में एक कैदी ने दूसरे कैदी की हत्या की
छत्तीसगढ़ की बिलासपुर केंद्रीय जेल में एक कैदी ने दूसरे कैदी की हत्या की
बिलासपुर, 23 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले की केंद्रीय जेल में मंगलवार को एक सजायाफ्ता कैदी ने विचारधीन कैदी की हत्या कर दी। जेल अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी ने नाली के ऊपर रखे सीमेंट के भारी-भरकम ढक्कन से हमला किया, जिसकी वजह से विचाराधीन कैदी की मौत हो गई।
जेल अधीक्षक खोमेश मंडावी ने बताया कि तीन लोगों की हत्या के मामले में 2008 से आजीवन कारावास की सजा काट रहे कैदी राजेश राय ने सुबह लगभग 9:30 बजे ई-वन बैरक में अपने साथ बंद नीलू जगत (25) पर हमला किया।
मंडावी ने बताया कि नीलू जगत यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम की धाराओं के तहत दर्ज मामले में 2024 से जेल में बंद था।
उन्होंने बताया कि राय के अचानक हमले से नीलू जगत गंभीर रूप से जख्मी हो गया तथा बैरक में मौजूद अन्य कैदियों ने किसी तरह से हमलावर को काबू में किया।
अधिकारी ने बताया कि जेल प्रबंधन को घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल नीलू को तत्काल छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान (सिम्स) में भेजा गया, जहां इलाज के दौरान दोपहर 12:30 बजे उसकी मौत हो गई।
मंडावी ने बताया कि हत्या के कारणों के बारे में अभी जानकारी नहीं मिली है। आरोपी कैदी से गहन पूछताछ जारी है। वहीं बैरक में मौजूद अन्य कैदियों से भी पूछताछ की जा रही है।
उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच जारी है।
भाषा सं संजीव जोहेब
जोहेब

Facebook


