छत्तीसगढ़: भाजपा नौ लोकसभा सीट पर तथा कांग्रेस दो पर आगे

छत्तीसगढ़: भाजपा नौ लोकसभा सीट पर तथा कांग्रेस दो पर आगे

छत्तीसगढ़: भाजपा नौ लोकसभा सीट पर तथा कांग्रेस दो पर आगे
Modified Date: June 4, 2024 / 10:29 am IST
Published Date: June 4, 2024 10:29 am IST

रायपुर, चार जून (भाषा) छत्तीसगढ़ की 11 लोकसभा सीट के लिए जारी मतगणना के शुरुआती रुझानों के अनुसार राज्य में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नौ सीट पर तथा कांग्रेस दो सीट पर आगे है।

राज्य में मंगलवार सुबह आठ बजे 33 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती शुरू हुई। पहले आधे घंटे में डाक मतपत्रों की गिनती की गई तथा बाद में ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू की गई।

निर्वाचन आयोग से मिली जानकारी के अनुसार राजनांदगांव सीट पर कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल भाजपा के मौजूदा सांसद संतोष पांडेय के खिलाफ 3,392 वोटों से आगे हैं।

एक अन्य महत्वपूर्ण सीट रायपुर पर भाजपा के प्रभावशाली नेता बृजमोहन अग्रवाल कांग्रेस के विकास उपाध्याय से 18,449 वोटों के अंतर से आगे हैं।

दुर्ग में, भाजपा के मौजूदा सांसद विजय बघेल अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राजेंद्र साहू से 23,734 वोटों से आगे हैं।

नक्सल प्रभावित बस्तर सीट (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) पर भाजपा के महेश कश्यप कांग्रेस के तेजतर्रार नेता कवासी लखमा से 3,716 मतों से आगे चल रहे हैं।

कोरबा सीट पर कांग्रेस की ज्योत्सना महंत भाजपा की सरोज पांडेय से 4,562 मतों से आगे हैं। ज्योत्सना महंत राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत की पत्नी हैं।

इसके साथ ही सत्ताधारी भाजपा बिलासपुर, महासमुंद, कांकेर (एसटी), जांजगीर-चांपा (अनुसूचित जाति आरक्षित), रायगढ़ (एससी) और सरगुजा (एसटी) सीटों पर आगे चल रही है।

2004 से 2014 तक हुए तीन आम चुनावों में भाजपा ने राज्य की 11 में से 10 सीटें जीती थीं। 2019 के चुनावों में भाजपा ने नौ सीट पर तथा कांग्रेस ने दो सीट पर जीत हासिल की थी।

भाषा संजीव

मनीषा वैभव

वैभव


लेखक के बारे में