छत्तीसगढ़ : कोरबा में बिजली का झटका लगने से मादा भालू और उसके दो शावकों की मौत

छत्तीसगढ़ : कोरबा में बिजली का झटका लगने से मादा भालू और उसके दो शावकों की मौत

छत्तीसगढ़ : कोरबा में बिजली का झटका लगने से मादा भालू और उसके दो शावकों की मौत
Modified Date: March 27, 2026 / 05:07 pm IST
Published Date: March 27, 2026 5:07 pm IST

कोरबा, 27 मार्च (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में कथित तौर पर अवैध रूप से बिछाई गई बिजली की एक लाइन की चपेट में आने से एक मादा भालू और उसके दो शावकों की मौत हो गई। वन विभाग के अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

यह घटना बृहस्पतिवार को कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत केंदई वन परिक्षेत्र में हुई। वन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, 11 केवी की विद्युत लाइन के संपर्क में आने से तीनों जानवरों की मौके पर ही मौत हो गई।

प्रारंभिक जांच में इस बात के संकेत मिले हैं कि यह तार छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत पारेषण कंपनी लिमिटेड द्वारा कथित रूप से बिना पूर्व अनुमति के लगाया गया था, जो वन (संरक्षण) अधिनियम-1980 का उल्लंघन है। इस अधिनियम के तहत वन क्षेत्रों में किसी भी निर्माण या अवसंरचना कार्य के लिए संबंधित प्राधिकरण की अनुमति अनिवार्य होती है।

अधिकारियों के अनुसार प्रारंभिक जानकारी से यह भी पता चला है कि क्षेत्र में आए आंधी-तूफान के कारण तार झुककर बिजली के खंभे से संपर्क में आ गया था। इस बात की आशंका है कि भालू और उसके शावक खंभे या तार के संपर्क में आ गए, जिससे उनकी मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, केंदई के वन परिक्षेत्र अधिकारी ने कटघोरा वन मंडल के प्रभागीय वन अधिकारी को पत्र लिखकर इस घटना में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

भाषा

सं, संजीव रवि कांत


लेखक के बारे में