छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में सुरक्षा बलों से हुई मुठभेड़ में एक नक्सली ढेर
Modified Date: August 21, 2023 / 05:39 pm IST
Published Date: August 21, 2023 5:39 pm IST

नारायणपुर, 21 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित नारायणपुर जिले में सुरक्षाबलों से हुई मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया। पुलिस के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जिले के ओरछा थाना क्षेत्र के अंतर्गत भटबेड़ा गांव में जंगल में सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ में एक नक्सली को मार गिराया।

उन्होंने बताया कि माओवादियों की पलटन संख्या 16 के प्रभारी मलेश, कमांडर विमला, कमांडर दीपक और अन्य नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना मिलने पर नारायणपुर डीआरजी और बस्तर फाइटर के जवानों को नक्सल विरोधी अभियान के लिए रवाना किया गया था।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबल के जवान आज सुबह नौ बजे जब भटबेड़ा गांव के जंगल में पहुंचे तो नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद सुरक्षाबल के जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की। कुछ देर तक दोनों ओर से गोलीबारी होने के बाद नक्सली वहां से भाग गए।

उन्होंने बताया कि इसके बाद घटनास्थल की तलाशी ली गई तब वहां से एक वर्दीधारी नक्सली का शव, एक .315 बोर राइफल और एक 12 बोर राइफल बरामद की गई।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मुठभेड़ में सुरक्षाबल को नुकसान नहीं पहुंचा। क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।

भाषा सं संजीव संजीव जोहेब

जोहेब


लेखक के बारे में