छत्तीसगढ़ : धमतरी मुठभेड़ में मारे गए नक्सली पर था पांच लाख रुपये का इनाम

छत्तीसगढ़ : धमतरी मुठभेड़ में मारे गए नक्सली पर था पांच लाख रुपये का इनाम

छत्तीसगढ़ : धमतरी मुठभेड़ में मारे गए नक्सली पर था पांच लाख रुपये का इनाम
Modified Date: June 24, 2024 / 08:20 pm IST
Published Date: June 24, 2024 8:20 pm IST

धमतरी, 24 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में रविवार को पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारे गए एक नक्सली की पहचान अरुण मंडावी के रूप में हुई है और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। पुलिस अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक अरुण नक्सलियों की क्षेत्रीय कमेटी का सदस्य था।

धमतरी जिले के पुलिस अधीक्षक आंजनेय वार्ष्णेय ने बताया कि नक्सली की पहचान अरुण मंडावी के रूप में हुई है, जो माओवादियों की सीतानदी क्षेत्रीय कमेटी में सक्रिय था। यह क्षेत्रीय कमेटी गरियाबंद (छत्तीसगढ़) और ओडिशा सीमा पर सक्रिय है।

पुलिस ने रविवार को बताया था कि जिले के खल्लारी थाना क्षेत्र के अंतर्गत मुहकोट-आमझर गांव के पास एक जंगल में जिला रिजर्व गार्ड (डीआरजी) के साथ मुठभेड़ में एक नक्सली मारा गया।

सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से एक नक्सली का शव, एक एसएलआर राइफल, दो मैगजीन, माओवादी साहित्य और अन्य सामान बरामद किया था।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मंडावी कई नक्सली घटनाओं में शामिल था, जिसमें 2022 में ओडिशा के सोनाबेड़ा इलाके में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ तथा इस वर्ष अप्रैल माह में धमतरी के बोराई थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़ की घटना शामिल थी।

उन्होंने बताया कि नक्सली मंडावी के सर पर पांच लाख रुपये का इनाम है।

इस साल राज्य में सुरक्षाबलों के साथ अलग-अलग मुठभेड़ों में अब तक 133 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 131 माओवादी बस्तर संभाग में मारे गए। जबकि दो अन्य रायपुर संभाग में आने वाले धमतरी जिले में मारे गए।

भाषा

सं संजीव, रवि कांत रवि कांत


लेखक के बारे में