सरकार बस्तर में स्थायी शांति और अंतिम छोर तक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : अमित शाह
सरकार बस्तर में स्थायी शांति और अंतिम छोर तक विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध : अमित शाह
(फोटो सहित)
जगदलपुर (छत्तीसगढ़), 18 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि सरकार छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में स्थायी शांति कायम करने और यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है कि विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, रविवार को छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर आए शाह ने बस्तर जिले के मुख्यालय जगदलपुर स्थित अमर वाटिका में माओवाद के खिलाफ लड़ाई में अपने प्राणों की आहुति देने वाले 1,000 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
शाह के हवाले से बयान में कहा गया, ‘‘बस्तर क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और विकास के लिए हमारे जवानों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्राणों की आहुति देने वाले वीर जवानों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।’’
छत्तीसगढ़ को 31 मार्च को नक्सल मुक्त घोषित किए जाने के बाद राज्य की अपनी पहली यात्रा में शाह ने कहा, ‘‘केंद्र और राज्य सरकारें दोनों ही यह सुनिश्चित करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही हैं कि स्थायी शांति और विकास अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।’’
बयान में कहा गया है कि अमर वाटिका में आयोजित कार्यक्रम के दौरान, शाह ने बीजापुर जिले में माओवादी हमले में जान गंवाने वाले सुरक्षाकर्मियों कलेंद्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मांडवी के परिवारवालों से मुलाकात की और उन्हें सरकार की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।
केंद्रीय गृह मंत्री ने सुरक्षाकर्मियों से भी बातचीत की और उनके साहस, समर्पण और प्रतिबद्धता की प्रशंसा की।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि शहीद जवानों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा और उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि राज्य सरकार उनके परिवारों के कल्याण, सम्मान और सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
साय ने कहा, ‘‘बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास के एक नए युग की ओर बढ़ रहा है और इस परिवर्तन में सुरक्षा बलों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।’’
इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा, वन मंत्री केदार कश्यप, जगदलपुर विधायक किरण देव तथा पुलिस एवं प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश
अविनाश

Facebook


