राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से पुलिसकर्मी की मौत
राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से पुलिसकर्मी की मौत
बीजापुर, 16 अगस्त (भाषा) छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित बीजापुर जिले में दुर्घटनावश गोली चलने से एक पुलिसकर्मी की मृत्यु हो गई। पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के भैरमगढ़ थाना क्षेत्र में दुर्घटनावश गोली चलने से प्रधान आरक्षक सन्नू हपका की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि भैरमगढ़ थाना में पदस्थ प्रधान आरक्षक सन्नू हपका आज सुबह लगभग नौ बजे अपने सर्विस राइफल की साफ-सफाई कर रहे थे तथी दुर्घटनावश गोली चल गई जो उनके सीने में लगी।
अधिकारियों ने बताया कि घायल जवान को इलाज के लिए भैरमगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उन्होंने बताया कि प्रधान आरक्षक अवकाश अवधि पूरा करके बृहस्पतिवार को वापस थाना पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि आज गश्त देने के लिए राइफल जारी कराने के बाद वह इसकी सफाई के लिए थाने के पीछे भोजनालय की तरफ गए तभी यह घटना हुई।
अधिकारियों ने बताया कि सफाई के दौरान सम्भवत: दुर्घटनावश गोली चली। उन्होंने बताया कि भैरमगढ़ थाना में मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
पिछले लगभग सात महीनों में राज्य में सुरक्षाकर्मियों से दुर्घटनावश गोली चलने का यह छठवां मामला है। पांच अगस्त को धमतरी जिले में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के शिविर में एक जवान अपनी सर्विस राइफल से दुर्घटनावश गोली चलने से घायल हो गया था।
26 अप्रैल को राजधानी रायपुर में कांग्रेस के एक पूर्व विधायक के बंगले में कथित तौर पर गलती से बंदूक चल जाने से एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी तथा एक अन्य घायल हो गया था।
10 फरवरी को रायपुर रेलवे स्टेशन पर ऐसी ही एक घटना में रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) के एक जवान की मौत हो गई थी और एक यात्री घायल हो गया था।
भाषा सं संजीव मनीषा संतोष
संतोष

Facebook


