शाह ने अमर वाटिका में शहीदों को श्रद्धांजलि दी, कहा – जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा
शाह ने अमर वाटिका में शहीदों को श्रद्धांजलि दी, कहा - जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा
रायपुर, 18 मई (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को अपने बस्तर प्रवास के दौरान जगदलपुर स्थित अमर वाटिका में एक हजार से अधिक शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।
अधिकारियों ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री ने बस्तर प्रवास के दौरान आज जगदलपुर स्थित अमर वाटिका पहुंचकर माओवाद के विरुद्ध संघर्ष में अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले एक हजार से अधिक शहीद जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
शाह ने इस अवसर पर कहा, ”बस्तर की धरती पर शांति, सुरक्षा और विकास स्थापित करने में हमारे जवानों का बलिदान अविस्मरणीय है। देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर करने वाले वीर जवानों का त्याग कभी व्यर्थ नहीं जाएगा।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार बस्तर में स्थायी शांति स्थापित करने और विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
इस दौरान केंद्रीय गृह मंत्री ने बीजापुर नक्सली हमले में शहीद हुए जवान कालेन्द्र प्रसाद नायक और पवन कुमार मंडावी के परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने परिवारजनों के बीच बैठकर उनका दुख साझा किया, ढांढस बंधाया तथा सरकार की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाया।
शाह ने सुरक्षाबलों के जवानों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और उनके साहस एवं समर्पण की सराहना की।
वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि शहीद जवानों का बलिदान छत्तीसगढ़ कभी नहीं भूलेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार शहीद परिवारों के सम्मान, सुरक्षा और कल्याण के लिए पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है और इसमें सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री और गृह मंत्री विजय शर्मा, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे।
विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने और बस्तर में केंद्रीय क्षेत्रीय परिषद की बैठक की अध्यक्षता करने के लिए शाह छत्तीसगढ़ के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
भाषा संजीव रंजन
रंजन

Facebook


