छत्तीसगढ़ के कोरबा में जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
छत्तीसगढ़ के कोरबा में जंगली हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत
कोरबा, 29 जून (भाषा) छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा वनमंडल के अंतर्गत जटगा वन परिक्षेत्र के धबलपुर गांव के करीब जंगली हाथी के हमले में संतोष कुमार गोंड़ (40) की मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि धबलपुर निवासी संतोष कुमार गोंड़, चरवाहा का काम करता था। जब वह रविवार शाम अपनी लापता भैंस की तलाश में करीब के वासिन जंगल गया था तब उसका सामना जंगली हाथी से हो गया। उन्होंने बताया कि हाथी ने गोंड़ पर हमला कर दिया और उसकी जान ले ली।
अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग और प्रशासन का दल मौके पर पहुंचा और आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कटघोरा वन मंडल के वन मंडल अधिकारी कुमार निशांत ने बताया कि मृतक संतोष के परिवार को तत्काल 25 हजार रुपए की सहायता राशि दी गई है। शेष 5.75 लाख रुपए सभी औपचरिकता पूर्ण होने के बाद दे दिए जाएंगे।
अधिकारी ने बताया कि वासिन परिसर में 10 जून से 10 हाथियों का एक दल और वन मंडल में कुल 48 हाथी विचरण कर रहे हैं। इस संबंध में वन परिक्षेत्र के आसपास रहने वाले ग्रामीणों को सूचित किया गया है कि वे जंगल की ओर न जाएं।
कोरबा जिला लंबे समय से मानव-हाथी संघर्ष से प्रभावित क्षेत्रों में शामिल है। जिले के कटघोरा, पसान, ऐतमानगर, जटगा, केंदई और आसपास के वन क्षेत्रों में हाथियों की नियमित आवाजाही बनी रहती है।
अधिकारी ने बताया कि भोजन और आवास की तलाश में हाथियों के गांवों और खेतों की ओर आने से ग्रामीणों और वन्यजीव के बीच संघर्ष की घटनाएं लगातार सामने आ रही है।
वन मंडल अधिकारी ने बताया 23 जून को केंदई वन परिक्षेत्र के पतुरिया डांड गांव में जंगली हाथी के हमले में 70 वर्षीय सुखमत बाई की मृत्यु हो गई थी।
भाषा सं संजीव वैभव
वैभव

Facebook


