उत्तर प्रदेश के भदोही और बदायूं जिलों में तूफान और बारिश से 11 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के भदोही और बदायूं जिलों में तूफान और बारिश से 11 लोगों की मौत
भदोही/बदायूं (उत्तर प्रदेश), 13 मई (भाषा) उत्तर प्रदेश के भदोही और बदायूं जिलों में बुधवार को भारी बारिश और तूफान के कारण बड़े पैमाने पर तबाही मची और 11 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
भदोही में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट कुंवर वीरेंद्र कुमार मौर्य ने कहा कि कई क्षेत्रों से उखड़े हुए पेड़ों, बिजली के खंभों और क्षतिग्रस्त घरों के बारे में खबरें आ रही हैं।
उन्होंने कहा कि तूफान के कारण मोबाइल नेटवर्क बाधित होने से सामान्य स्थिति बहाल करने और बचाव कार्यों में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
मौर्य ने कहा कि भदोही जिले की तीनों तहसीलों में उप-विभागीय मजिस्ट्रेट, तहसीलदार, जिले के अन्य अधिकारी और पुलिस निरीक्षण और राहत कार्य चला रहे हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक हमें छह लोगों का मौत होने की जानकारी मिली है, लेकिन यह संख्या बढ़ सकती है।’
उन्होंने कहा कि हताहतों और घायलों की सटीक संख्या विस्तृत रिपोर्ट मिलने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।
बदायूं में भीषण धूल भरी आंधी और बारिश के कारण हुई अलग-अलग घटनाओं में दो नाबालिग लड़कियों समेत पांच लोगों की मौत हो गई और पांच लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, बिसोली थानाक्षेत्र के सिद्धपुर कैथोली गांव में तूफान के दौरान एक कच्चे मकान की दीवार गिरने से दो लड़कियों – मौसमी (10) और रजनी (9) – की मौत हो गई।
तेज हवाएं चलने के बाद कल्लो और नेहा नाम की दो महिलाओं के साथ ये लड़कियां वहां शरण लेने आई थीं।
अधिकारियों ने बताया कि तूफान में दीवार गरने से चारों लोग मलबे के नीचे दब गए। उन्होंने बताया कि दो लड़कियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिलाओं को गंभीर चोटें आईं।
फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र के तारक परोली गांव में एक अन्य घटना में एक पेड़ एक ट्यूबवेल के कमरे पर गिर गया जिससे लक्ष्मी (40) नामक एक महिला की मौत हो गई। ट्यूबवेल के कमरे में कई लोगों ने तूफान से बचने के लिए शरण ली थी।
इस ढांचे की छत गिरने से गीता नाम की एक महिला सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। गीता की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पुलिस ने बताया कि बिसोली इलाके में बिल्सी रोड के पास एक अलग दुर्घटना में ट्रक चालक योगेश (32) की मौत हो गई। उसने बताया कि एक पेड़ जड़ से उखड़कर उसके वाहन पर गिर गया।
उसने बताया कि बिसौली के साहूकारा इलाके का निवासी 22 वर्षीय अंशुल शर्मा की तूफान के दौरान एक पेड़ गिरने से मौत हो गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हृदेश कुमार कटारिया ने बताया कि बिसोली और फैजगंज बेहटा थानाक्षेत्रों में तूफान से संबंधित घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि लगभग पांच अन्य घायल हो गए हैं।
भाषा जफर
शुभम राजकुमार
राजकुमार

Facebook


