आईएएस के 1,300 और आईपीएस के 505 पद रिक्त: कार्मिक राज्य मंत्री

आईएएस के 1,300 और आईपीएस के 505 पद रिक्त: कार्मिक राज्य मंत्री

आईएएस के 1,300 और आईपीएस के 505 पद रिक्त: कार्मिक राज्य मंत्री
Modified Date: March 25, 2026 / 08:12 pm IST
Published Date: March 25, 2026 8:12 pm IST

नयी दिल्ली, 25 मार्च (भाषा) सरकार ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के लगभग 1,300 और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 505 पद रिक्त हैं।

केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने एक प्रश्न के लिखित उत्तर में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि वर्तमान में 4,594 आईपीएस अधिकारी कार्यरत हैं, जबकि स्वीकृत पदों की संख्या 5,099 है। मंत्री ने बताया कि आईएएस के कुल 6,877 स्वीकृत पद हैं जबकि 5,577 अधिकारी कार्यरत हैं।

सिंह ने बताया कि आईएएस के पदों पर भर्ती सरकार द्वारा जारी आरक्षण दिशानिर्देशों के अनुसार की जाती है।

उन्होंने कहा, ‘‘2012 से अब तक हर साल सिविल सेवा परीक्षा के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा में कुल 180 अभ्यर्थियों की भर्ती की गई है, जिनमें से 4 प्रतिशत सीट दिव्यांगजनों (पीडब्ल्यूबीडी) के लिए आरक्षित हैं।’’

उन्होंने बताया कि रिक्तियों का नियमित रूप से आकलन किया जाता है और आरक्षण मानदंडों को ध्यान में रखते हुए आईएएस के सभी विज्ञापित पदों को भरा जाता है।

सिंह ने बताया कि पिछले पांच वर्षों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के 245, अनुसूचित जाति (एससी) के 135 और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के 67 अभ्यर्थी भारतीय प्रशासनिक सेवा में नियुक्त किए गए हैं।

उन्होंने एक अन्य प्रश्न के लिखित उत्तर में कहा कि वर्तमान में भारतीय वन सेवा अधिकारियों के 1,029 रिक्त पद हैं, जबकि स्वीकृत पदों की संख्या 3,193 है।

भाषा सुभाष अविनाश

अविनाश


लेखक के बारे में