दिल्ली में कोविड-19 के 19,832 नए मामले, 341 मरीजों की मौत

दिल्ली में कोविड-19 के 19,832 नए मामले, 341 मरीजों की मौत

दिल्ली में कोविड-19  के 19,832 नए मामले,  341 मरीजों की मौत
Modified Date: November 29, 2022 / 08:59 pm IST
Published Date: May 7, 2021 1:14 pm IST

नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) कोविड-19 महामारी से गंभीर रूप से जूझ रही राजधानी दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान इसके संक्रमण के 19,832 नए मामले सामने आए जबकि इस दौरान 341 मरीजों की मौत हो गयी।

वहीं कोरोना संक्रमण की दर लगातार दूसरे दिन 25 प्रतिशत से कम रही और 24.92 प्रतिशत हो गयी है।

दिल्ली के स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

विभाग के मुताबिक पिछले पांच दिनों में यह चौथी बार है जब कोरोना के नए मामलों की संख्या 20 हजार से कम रही है। इससे पहले बृहस्पतिवार को राजधानी में कोविड-19 के 19,133 नए मामले सामने आए थे।

कोरोना वायरस संक्रमण के 19,832 नए मामलों के सामने आने के साथ दिल्ली में कुल संक्रमितों की संख्या 12,92,867 पहुंच गयी जिसमें से 11.83 लाख इस जानलेवा वायरस को मात देकर ठीक हो चुके हैं।

इस दौरान कोविड-19 के 341 मरीजों की मौत होने से इस महामारी से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 18,739 हो गयी है। दिल्ली में इस समय कोविड-19 के उपचाराधीन मरीजों की संख्या 91,035 है।

स्वास्थ्य बुलेटिन के मुताबिक दिल्ली में कोविड-19 के मरीजों के लिए अस्पतालों में आरक्षित 22,097 बिस्तरों में से केवल 2,175 बिस्तर ही खाली हैं। कोरोना के 50,425 मरीज घर में पृथकवास में रहकर अपना इलाज करवा रहे हैं।

इस दौरान राजधानी में निरूद्ध क्षेत्रों की संख्या में भी लगातार इजाफा हो रहा है और इनकी संख्या बढ़कर 50,785 हो गयी है।

दिल्ली में पिछले 24 घंटे के दौरान 1,14,657 लोगों को कोविड-19 के टीके की खुराक दी गयी जिनमें से 80,306 लोगों ने टीके की पहली खुराक ली।

दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा कि 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों के लिए तीन मई से शुरू हुए टीकाकरण अभियान के तहत अब तक इस आयु वर्ग के 1.84 लाख लोग टीके की खुराक ले चुके हैं।

सिसोदिया ने ट्वीट कर कहा, ‘‘बृहस्पतिवार शाम तक 38.88 लाख लोग कोविड-19 टीके की खुराक ले चुके हैं।’’

भाषा रवि कांत नरेश

नरेश


लेखक के बारे में