मणिपुर में जून 2023 से सोशल मीडिया से 3,200 पोस्ट हटाई गईं : पुलिस महानिदेशक

मणिपुर में जून 2023 से सोशल मीडिया से 3,200 पोस्ट हटाई गईं : पुलिस महानिदेशक

मणिपुर में जून 2023 से सोशल मीडिया से 3,200 पोस्ट हटाई गईं : पुलिस महानिदेशक
Modified Date: May 25, 2026 / 04:47 pm IST
Published Date: May 25, 2026 4:47 pm IST

इंफाल, 25 मई (भाषा) मणिपुर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) राजीव सिंह ने सोमवार को कहा कि जून 2023 से अब तक सोशल मीडिया पर 5,406 संवेदनशील, हिंसक एवं सांप्रदायिक पोस्ट की पहचान की गई, जिनमें से लगभग 3,200 पोस्ट हटा दी गईं, जबकि 187 पेज और खाते ब्लॉक कर दिये गए। यह कार्रवाई उस जातीय हिंसा के बाद की गई, जो मई 2023 में भड़की थी।

सिंह ने बताया कि यह कार्रवाई राज्य के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) विभाग और केंद्र सरकार के इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के समन्वय से की गई है।

मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह द्वारा प्रथम मणिपुर राइफल्स ग्राउंड में 477 पुलिस वाहनों को हरी झंडी दिखाए जाने के कार्यक्रम को संबोधित करते हुये डीजीपी ने कहा, “एक जून 2023 से अब तक कुल 5,406 संवेदनशील, हिंसक एवं सांप्रदायिक पोस्ट की पहचान की गई, और राज्य के आईटी विभाग तथा इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से लगभग 3,200 पोस्ट हटाई गईं। इसके अलावा 187 पेज और खाते ब्लॉक किए गए।”

डीजीपी ने कहा कि लोक व्यवस्था बनाए रखने के लिए फर्जी खबरों और भ्रामक सूचनाओं की रोकथाम, निगरानी और सत्यापन बेहद आवश्यक है।

उन्होंने कहा, “मणिपुर पुलिस की सोशल मीडिया पहुंच, जो लोगों की शंकाओं का समाधान करती है और स्पष्टीकरण जारी करती है, उसमें भी उल्लेखनीय विस्तार हुआ है। इसके फेसबुक फॉलोअर बढ़कर 79,000 और एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर फॉलोअर 27,000 हो गए हैं।”

उन्होंने कहा, “जब मैंने जून 2023 में मणिपुर पुलिस के डीजीपी का पदभार संभाला, तब राज्य दो समुदायों के बीच हिंसा के कारण अपने इतिहास के सबसे कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर से गुजर रहा था।”

भाषा रंजन सुभाष

सुभाष


लेखक के बारे में