ओडिशा के गहिरमाथा अभयारण्य में मछली पकड़ने के आरोप में 34 लोग गिरफ्तार

ओडिशा के गहिरमाथा अभयारण्य में मछली पकड़ने के आरोप में 34 लोग गिरफ्तार

ओडिशा के गहिरमाथा अभयारण्य में मछली पकड़ने के आरोप में 34 लोग गिरफ्तार
Modified Date: December 7, 2025 / 10:06 pm IST
Published Date: December 7, 2025 10:06 pm IST

केंद्रपाड़ा (ओडिशा), सात दिसंबर (भाषा) ओडिशा के वन अधिकारियों ने केंद्रपाड़ा जिले के गहिरमाथा समुद्री अभयारण्य से 34 मछुआरों को गिरफ्तार किया है और मछली पकड़ने के लिए इस्तेमाल की जाने वाली दो नौकाएं भी जब्त की हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।

वन विभाग के एक अधिकारी के अनुसार, ये गिरफ्तारियां पिछले 48 घंटों में की गईं। आरोप है कि मछुआरे प्रतिबंधित क्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ रहे थे।

भितरकनिका के सहायक वन संरक्षक (एसीएफ) मानस दास ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि अभयारण्य के निषिद्ध क्षेत्रों में पहुंचे मछुआरों की नौकाएं वन गश्ती दलों ने जब्त कर ली हैं।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तार मछुआरे बालासोर और मयूरभंज जिलों के निवासी हैं। बाद में उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

दास ने बताया कि नौकाएं अभयारण्य के प्रतिबंधित गलियारों तक घुस आईं और उन्होंने वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, ओडिशा समुद्री मत्स्य विनियमन अधिनियम और समुद्री अभयारण्य से जुड़े अनिवार्य नियमों का उल्लंघन किया।

वन अधिकारियों के अनुसार, ओलिव रिडले समुद्री कछुओं के प्रजनन क्षेत्रों में मछली पकड़ने के आरोप में अब तक लगभग 200 मछुआरों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

राज्य सरकार ने लुप्तप्राय ओलिव रिडले कछुओं के प्रजनन काल को ध्यान में रखते हुए एक नवंबर से धामरा से देवी नदी के मुहाने तक 20 किलोमीटर के इलाके में सात महीने के लिए मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाया है।

हालांकि, गहिरमाथा को समुद्री अभयारण्य का दर्जा प्राप्त होने के कारण यहां यह प्रतिबंध पूरे वर्ष लागू रहता है।

भाषा

खारी नरेश

नरेश


लेखक के बारे में