ज्यूरिख जा रहे स्विस एयरलाइन का विमान इंजन में आई खराबी के कारण रोका गया, चार यात्री घायल
ज्यूरिख जा रहे स्विस एयरलाइन का विमान इंजन में आई खराबी के कारण रोका गया, चार यात्री घायल
नयी दिल्ली, 26 अप्रैल (भाषा) दिल्ली हवाई अड्डे से 245 यात्रियों को लेकर ज्यूरिख जाने के लिए निर्धारित ‘स्विस इंटरनेशनल एयरलाइन’ के एक विमान को आधी रात के बाद रविवार को उड़ान भरने के दौरान आई तकनीकी खराबी के कारण रोक दिया गया, जिसके बाद पूर्ण आपात स्थिति घोषित कर रनवे पर ही यात्रियों को विमान से उतारना पड़ा जिसमें चार यत्री घायल हो गए। एयरलाइन ने यह जानकारी दी।
घटना रात करीब एक बजे हुई और उस समय ए330-300 विमान (पंजीकरण एचबी-जेएचके) में चार शिशुओं सहित 232 यात्री और चालक दल के 13 सदस्य सवार थे, जिसे उड़ान एलएक्स147 संचालित करनी थी।
एयरलाइन के प्रवक्ता ने एक अद्यतन बयान में कहा, ‘चार यात्री अभी अस्पताल में भर्ती हैं… केबिन क्रू के एक सदस्य के टखने में चोट लगी है। अन्य क्रू सदस्य सुरक्षित हैं।’ उन्होंने बताया कि केबिन क्रू के एक सदस्य को पैर में मामूली चोट आई है।
यात्रियों को चोट कैसे लगी, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रवक्ता ने कहा, ’26 अप्रैल को स्थानीय समयानुसार रात एक बजे के कुछ ही समय बाद दिल्ली में उड़ान एलएक्स 147 के उड़ान भरने के दौरान एक इंजन में खराबी आ गई।’
उन्होंने कहा, ‘चालक दल ने उड़ान रद्द कर दी और स्थिति का आकलन करने के बाद एहतियात के तौर पर विमान खाली करने का फैसला किया।’
सूत्रों ने बताया कि मुख्य पहिये के बाईं ओर से धुआं निकलता देखा गया और शुरू में यह जानकारी मिली थी कि ‘लैंडिंग गियर’ में से किसी एक से धुआं निकल रहा है।
दिल्ली हवाई अड्डा का संचालन संभालने वाली कंपनी ‘डायल’ ने कहा कि इस घटना से हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।
इससे पहले एक बयान में एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा था कि सभी यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने आपातकालीन स्लाइड के माध्यम से विमान को खाली कर दिया था।
प्रवक्ता ने कहा था, ‘छह यात्रियों का चिकित्सा मूल्यांकन किया जा रहा है। स्लाइड का उपयोग करने में असमर्थ कुछ व्यक्तियों के लिए सीढ़ियां उपलब्ध कराई गईं।’
स्विस इंटरनेशनल एयरलाइन्स को स्विस के नाम से जाना जाता है।
सूत्रों ने बताया कि शुरुआत में हवाई यातायात नियंत्रक (एटीसी) से पूर्ण आपातकाल और टायर फटने की सूचना मिली थी। ‘एयरसाइड’ टीम की जांच में पुष्टि हुई कि उड़ान भरने से रोके जाने के दौरान विमान के मुख्य पहिये की बाईं ओर से धुआं निकला था।
‘डायल’ ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए बताया कि शनिवार की आधी रात के बाद रविवार को रनवे 28/10 पर उड़ान एलएक्स147 के लिए पूर्ण आपात स्थिति घोषित की गई।
इसने कहा, ‘‘सभी निर्धारित सुरक्षा प्रोटोकॉल तत्काल लागू किए गए और यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। हवाई अड्डे का संचालन प्रभावित नहीं हुआ।’’
एयरलाइन के प्रवक्ता ने कहा कि वह इस घटना के कारणों को पूरी तरह से समझने के लिए दृढ़ संकल्पित है, जिसमें इंजन की खराबी के कारण भी शामिल हैं।
असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए प्रवक्ता ने कहा, ‘हम जानते हैं कि ऐसी घटना प्रभावित लोगों के लिए तनावपूर्ण और दुखद हो सकती है। हमारी टीम यात्रियों के साथ लगातार संपर्क में हैं और तात्कालिक स्थिति के बाद भी उन्हें सहायता प्रदान करती रहेंगी।’
प्रवक्ता ने इससे पहले कहा था कि स्विट्जरलैंड के तकनीकी विशेषज्ञों की एक टीम विमान की जांच के लिए दिल्ली आएगी, उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
भाषा
शुभम रंजन
रंजन

Facebook


