अभिनेत्री सबा आजाद परजीवी संक्रमण से पीड़ित

अभिनेत्री सबा आजाद परजीवी संक्रमण से पीड़ित

अभिनेत्री सबा आजाद परजीवी संक्रमण से पीड़ित
Modified Date: March 28, 2026 / 09:13 pm IST
Published Date: March 28, 2026 9:13 pm IST

नयी दिल्ली, 28 मार्च (भाषा) अभिनेत्री सबा आजाद ने अस्पताल के बिस्तर से अपनी एक तस्वीर साझा की और बताया कि वह साइक्लोस्पोरा कैटेनेन्सिस नामक परजीवी संक्रमण से संक्रमित हैं।

अभिनेत्री ने शुक्रवार को इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में बताया कि पिछले दो हफ्तों में उनका वजन चार किलो से अधिक कम हो गया है।

अभिनेत्री ने पोस्ट में लिखा, ‘मेरी ज़िंदगी के सबसे बुरे 14 दिन। साइक्लोस्पोरा कैटेनेन्सिस बड़ा ही घटिया संक्रमण है। मैं हमेशा घर का खाना खाती हूं, हर जगह पानी की बोतल साथ रखती हूं, फिर भी यह पेट का संक्रमण अचानक हो गया, वो भी साल के सबसे व्यस्त समय में।’

उन्होंने लिखा, ‘दो हफ्तों में मेरा चार किलो वजन कम हो गया है और मैं मुश्किल से चल पा रही हूं। मुझमें एक पतली सी छड़ी उठाने की भी ताकत नहीं बची है।’

उन्होंने लिखा, ‘अपने पेट की सेहत के लिए सलाद के पत्तों और सब्जियों को अच्छे से धोएं, आपकी जिंदगी इस पर निर्भर करती है।’

उन्होंने बताया कि इस मुश्किल वक्त में उनके साथी और अभिनेता ऋतिक रोशन साथ खड़े रहे। उन्होंने कहा, ‘ऋतिक रोशन ने मेरे चिड़चिड़े स्वभाव को भी बेहतर बना दिया और वह मुश्किल से मुश्किल हालात में भी हास्य ढूंढ लेते हैं।’

कई कलाकारों ने इस पोस्ट पर टिप्पणियां करके सबा आज़ाद के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। प्रीति ज़िंटा ने लिखा, ‘जल्द स्वस्थ हो जाओ, स्वीट हार्ट।’

अली फजल ने लिखा, ‘सबा, अपना ख्याल रखना, जल्दी ठीक हो जाओ।’

भाषा तान्या गोला

गोला


लेखक के बारे में