प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद मुख्यमंत्री सैनी ने ईंधन बचाने के उपाय शुरू किए
प्रधानमंत्री मोदी की अपील के बाद मुख्यमंत्री सैनी ने ईंधन बचाने के उपाय शुरू किए
चंडीगढ़, 13 मई (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को कहा कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील के बाद अपने काफिले में कम से कम वाहनों का उपयोग करने का निर्णय लिया है।
सैनी ने यह भी कहा कि सभी विभागों के मंत्री और अधिकारी यात्रा के दौरान सीमित संख्या में वाहनों का उपयोग सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही, उन्होंने सभी मंत्रियों, विधायकों और अधिकारियों से आग्रह किया कि वे बैठकें ज्यादातर ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करें।
सैनी ने बुधवार शाम ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के आह्वान पर, हरियाणा सरकार राष्ट्रीय हित में ईंधन की बचत और संसाधनों का उचित उपयोग सुनिश्चित करने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है।’’
सैनी ने लिखा, ‘‘इस संबंध में, मैंने अपने काफिले में कम से कम वाहनों का उपयोग करने का निर्णय लिया है। अगले आदेश तक, मेरे काफिले में केवल सुरक्षा उद्देश्यों के लिए आवश्यक वाहन ही शामिल किए जाएंगे।’’
भाषा नेत्रपाल माधव
माधव

Facebook


