छत्तीसगढ़ में 2021 के हत्या-लूट मामले में फरार आरोपी को अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया

छत्तीसगढ़ में 2021 के हत्या-लूट मामले में फरार आरोपी को अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया

छत्तीसगढ़ में 2021 के हत्या-लूट मामले में फरार आरोपी को अहमदाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया
Modified Date: March 21, 2026 / 05:30 pm IST
Published Date: March 21, 2026 5:30 pm IST

अहमदाबाद, 21 मार्च (भाषा) गुजरात में अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने छत्तीसगढ़ के वर्ष 2021 के हत्या-लूट के मामले में वांछित एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ के टिकरापारा पुलिस थाना क्षेत्र में शकुंतला देवी की हत्या के सिलसिले में वांछित अजयकुमार उर्फ ​​लक्ष्मीसागर उर्फ ​​कीमतीश्री राजनारायण मिश्रा को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया, ‘शकुंतला यादव और उनके छोटे बेटे अमित का उसके (शकुंतला) दूसरे बेटे अजय के साथ संपत्ति को लेकर विवाद था। शकुंतला और अमित ने आपराधिक रिकॉर्ड वाले मिश्रा से मदद मांगी। मिश्रा उसी अस्पताल में सुरक्षा गार्ड था जहां अमित काम करता था।’

अधिकारी ने बताया कि मिश्रा को अजय को विवादित संपत्ति से बाहर निकालने के लिए चार लाख रुपये की ‘सुपारी’ की पेशकश की गई थी। मिश्रा ने पहले 10,000 रुपये का अग्रिम प्राप्त किया और काम पूरा किए बिना भाग गया।

उन्होंने बताया, ‘शकुंतला और अमित दोनों मिश्रा का पीछा करते हुए उसके गांव तक गए और उससे या तो काम पूरा करने या अग्रिम राशि वापस करने की मांग की। हालांकि, चार महीने बाद मिश्रा और उसका साथी केतन उर्फ ​​के.टी. रामसुंदर तिवारी काम पूरा करने के बहाने रायपुर में शकुंतला के घर पहुंचे। वहां पहुंचने पर उन्हें पता चला कि अमित एक अन्य मामले में जेल में है।’

पुलिस के मुताबिक, शकुंतला को अकेला देखकर मिश्रा और तिवारी रात भर घर में रुके, गला घोंटकर उसकी (शकुंतला) हत्या कर दी और फिर 10 लाख रुपये नकद और 30-35 तोला सोना लेकर फरार हो गए।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ‘आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के कौशांबी में एक व्यापारी को सोना बेच दिया और पुलिस से बचने के लिए मोबाइल फोन और सरकारी पहचान पत्र (पैन/आधार) का इस्तेमाल बंद कर चुप्पी साधे रखी। मिश्रा पहले गोवा में छिपा रहा, फिर 2022 में अहमदाबाद के नरोदा इलाके में अपने भाई के साथ रहने चला गया और बाद में मुंबई में रहने लगा।’

एक विज्ञप्ति के अनुसार, तकनीकी खुफिया जानकारी और निगरानी के आधार पर अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा ने मिश्रा को गिरफ्तार किया।

अहमदाबाद पुलिस की अपराध शाखा 2021 के इस मामले में औपचारिक हस्तांतरण और आगे की कानूनी कार्यवाही के लिए रायपुर पुलिस के साथ समन्वय कर रही है।

भाषा

राखी माधव

माधव


लेखक के बारे में