एआईसीसी सचिव सूरज हेगड़े का निधन

एआईसीसी सचिव सूरज हेगड़े का निधन

एआईसीसी सचिव सूरज हेगड़े का निधन
Modified Date: June 8, 2026 / 10:37 am IST
Published Date: June 8, 2026 10:37 am IST

बेंगलुरु, आठ जून (भाषा) अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के सचिव और कर्नाटक सरकार की गारंटी समिति के उपाध्यक्ष सूरज हेगड़े का कल रात निधन हो गया। पार्टी सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, हेगड़े करीब 55 वर्ष के थे। उन्हें दिल का दौरा पड़ा था और बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था जहां उनका निधन हो गया।

भारतीय युवा कांग्रेस के पूर्व प्रभारी हेगड़े पूर्व मुख्यमंत्री देवराज उर्स के पोते थे।

मुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने हेगड़े के निधन पर शोक व्यक्त किया।

शिवकुमार ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘मुझे अपने प्रिय सहयोगी सूरज हेगड़े के अचानक निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ। उन्होंने एआईसीसी पदाधिकारी, केपीसीसी (कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी) उपाध्यक्ष और राज्य गारंटी समिति के उपाध्यक्ष के रूप में कार्य किया।’’

उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कुशलता और जनहित के माध्यम से कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने में उनका योगदान अतुलनीय था। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘आज हमने एक ऐसे सक्रिय नेता को खो दिया जिनका पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ हमेशा उत्कृष्ट संबंध रहा।’’

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बी.के. हरिप्रसाद ने कहा कि हेगड़े ने अपना पूरा जीवन पिछड़े समुदायों, दलितों और समाज में हाशिए पर पड़े अन्य वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि सच्चे अर्थों में हेगड़े समानता और सामाजिक न्याय की उस विरासत के वास्तविक उत्तराधिकारी थे जिसका समर्थन देवराज उर्स ने किया था।

उन्होंने कहा, ‘‘वह हमेशा जनसेवा के प्रति समर्पित रहे। उन्होंने गारंटी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।’’

उन्होंने हेगड़े के निधन को राज्य और कांग्रेस पार्टी के लिए एक बड़ी क्षति बताया।

पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भी हेगड़े के निधन पर शोक व्यक्त किया।

भाषा सुरभि वैभव

वैभव


लेखक के बारे में