आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री ने पोते के जन्मदिन के अवसर पर तिरुपति मंदिर में दर्शन किए
आंध्र प्रदेश: मुख्यमंत्री ने पोते के जन्मदिन के अवसर पर तिरुपति मंदिर में दर्शन किए
तिरुपति, 21 मार्च (भाषा) आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने अपने पोते के जन्मदिन के अवसर पर परिवार के सदस्यों के साथ शनिवार को यहां के श्री वेंकटेश्वर मंदिर में दर्शन किए।
एक आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है, ‘मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू और उनके परिवार ने श्री वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन किए। मुख्यमंत्री के परिवार ने उनके पोते देवांश के जन्मदिन के अवसर पर देवता के दर्शन किए।’
दर्शन के बाद वे मातृश्री तारिगोंडा वेंगमंबा अन्नदान परिसर में श्रद्धालुओं को भोजन कराने के लिए रवाना हुए।
मुख्यमंत्री के परिवार ने श्रद्धालुओं को भोजन कराने के एक दिन के खर्च के लिए पहले ही 44 लाख रुपये दान कर दिए हैं।
अब तक मुख्यमंत्री के परिवार ने अन्नदानम (भक्तों को मुफ्त भोजन) के लिए 12 बार दान दिया है।
मंदिर के दर्शन के दौरान नायडू ने श्रद्धालुओं से बातचीत भी की और उनसे लड्डू और प्रसाद की गुणवत्ता के बारे में पूछा, जबकि श्रद्धालुओं ने उनसे शीघ्र दर्शन सुनिश्चित करने का अनुरोध किया।
नायडू ने श्रद्धालुओं को बताया कि श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर के आधिकारिक संरक्षक तिरुमला तिरुपति देवस्थानम (टीटीडी) दर्शन प्रक्रिया को तेज करने के लिए कृत्रिम बुद्धिमत्ता का उपयोग करेगा।
इसके अलावा, उन्होंने श्रद्धालुओं को बताया कि मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए एक एकीकृत कमांड कंट्रोल सेंटर स्थापित किया है।
बाद में नायडू ने तिरुमला में 25 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक अत्याधुनिक खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला का उद्घाटन किया।
भाषा तान्या गोला
गोला

Facebook


