आंध्र प्रदेश: एक परिवार के चार लोग मृत मिले, आत्महत्या की आशंका

आंध्र प्रदेश: एक परिवार के चार लोग मृत मिले, आत्महत्या की आशंका

आंध्र प्रदेश: एक परिवार के चार लोग मृत मिले, आत्महत्या की आशंका
Modified Date: June 23, 2026 / 10:46 am IST
Published Date: June 23, 2026 10:46 am IST

बंगारुरेड्डीपल्ली (आंध्र प्रदेश), 23 जून (भाषा) आंध्र प्रदेश के चित्तूर जिले में एक परिवार के चार लोग मृत पाए गए और उनके कथित तौर पर आत्महत्या करने का संदेह है। एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस अधिकारी के अनुसार मृतकों की पहचान दामोदर (30), उसकी पत्नी निर्मला, उनके 13 वर्षीय पुत्र और 10 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है।

उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘सोमवार को चित्तूर ज़िले में एक ही परिवार के चार लोग जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं, मृत पाए गए। ऐसा लगता है कि उन्होंने आत्महत्या की है।’’

पुलिस ने बताया कि यह घटना तब सामने आई जब सोमवार सुबह करीब 6:15 बजे दामोदर की बहन परिवार से मिलने आई और उसने अपने भाई को पंखे से लटका हुआ पाया।

पुलिस ने बताया कि इसके बाद पड़ोसियों ने दरवाज़ा तोड़ा और घर के अंदर गए जहां निर्मला और दोनों बच्चे एक बिस्तर पर मृत पाए गए।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच से पता चलता है कि निर्मला कई वर्षों से मस्तिष्काघात से होने वाली दिक्कतों से जूझ रही थी और रानीपेट के एक अस्पताल में उसका इलाज हो रहा था।

पुलिस ने बताया कि परिवार आर्थिक तंगी से भी जूझ रहा था।

अधिकारी ने बताया कि घर से हाथ से लिखा एक नोट मिला है, जिसमें दामोदर ने अपने एटीएम का पिन और खाते से जुड़ी दूसरी जानकारी लिखी थी और गुज़ारिश की थी कि उनके खाते में मौजूद धन का इस्तेमाल अंतिम संस्कार में होने वाले खर्च में किया जाए।

इस बीच, पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और मामले की जांच कर रही है।

भाषा शोभना वैभव

वैभव


लेखक के बारे में