अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं का एक और जत्था
अमरनाथ गुफा के लिए रवाना हुआ श्रद्धालुओं का एक और जत्था
जम्मू, पांच जुलाई (भाषा) जम्मू स्थित भगवती नगर आधार शिविर से 6,700 से अधिक श्रद्धालुओं का एक नया जत्था दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए कड़ी सुरक्षा के बीच रविवार तड़के रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों बताया कि 1,310 महिलाओं और 22 बच्चों समेत श्रद्धालुओं का यह जत्था दो अलग-अलग काफिलों में तड़के तीन बजे और तीन बजकर 40 मिनट पर जम्मू आधार शिविर से रवाना हुआ।
उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने दो जुलाई को जम्मू से यात्रा को हरी झंडी दिखाई थी। उसके बाद जम्मू से कश्मीर के लिए रवाना होने वाला श्रद्धालुओं का यह चौथा जत्था है।
इसके साथ ही जम्मू आधार शिविर से अब तक कुल 20,220 श्रद्धालु घाटी के लिए रवाना हो चुके हैं।
तीन जुलाई को शुरू हुई 57 दिवसीय वार्षिक अमरनाथ यात्रा के पहले दो दिन में 26,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र गुफा मंदिर में दर्शन किए।
यह यात्रा अनंतनाग जिले के पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग और गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर के छोटे बालटाल मार्ग से एक साथ संचालित की जा रही है।
अधिकारियों ने बताया कि 152 वाहनों में सवार 2,590 श्रद्धालुओं का एक काफिला बालटाल आधार शिविर के लिए रवाना हुआ, जबकि 139 वाहनों में सवार 4,131 श्रद्धालुओं का एक अन्य काफिला पहलगाम आधार शिविर की ओर गया।
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने शनिवार को यात्रा पर जाने की योजना बना रहे गैर-पंजीकृत श्रद्धालुओं से अपनी यात्रा कुछ दिन के लिए स्थगित करने का आग्रह किया था। प्रशासन ने कहा कि श्रद्धालुओं की अप्रत्याशित भीड़ के कारण नौ जुलाई तक पंजीकरण के सभी ‘स्लॉट’ भर चुके हैं।
अधिकारियों ने यह भी घोषणा की कि रविवार से केवल पंजीकृत श्रद्धालुओं को ही कश्मीर की ओर जाने की अनुमति दी जाएगी और नए पंजीकरण के लिए कोटा उपलब्ध होने तक गैर- पंजीकृत श्रद्धालुओं को निर्धारित जांच चौकियों पर रोक दिया जाएगा।
भाषा सिम्मी शोभना
शोभना

Facebook


