अरुणाचल के राज्यपाल और 4 कोर के जीओसी ने सीमा प्रबंधन व सुरक्षा पर चर्चा की
अरुणाचल के राज्यपाल और 4 कोर के जीओसी ने सीमा प्रबंधन व सुरक्षा पर चर्चा की
ईटानगर, छह जुलाई (भाषा) सेना की 4 कोर के जनरल ऑफिसर कमांडिंग (जीओसी) लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला ने सोमवार को यहां लोक भवन में अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के. टी. परनाइक से मुलाकात की और अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की।
लोक भवन द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, दोनों के बीच सीमा प्रबंधन की रणनीतियों के साथ-साथ सुदूर सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले स्थानीय नागरिकों के लिए सशस्त्र बलों द्वारा चलाए जा रहे कल्याणकारी और जन-पहुंच कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक के दौरान, राज्यपाल ने राष्ट्रीय हितों की रक्षा के लिए संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में उच्च स्तरीय सतर्कता बनाए रखने और नियमित गश्त सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।
राज्यपाल ने सशस्त्र बलों और नागरिक प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय तथा त्वरित सूचना साझाकरण की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने रेखांकित किया कि प्रभावी सुरक्षा प्रबंधन और उभरती चुनौतियों का तेजी से सामना करने के लिए दोनों पक्षों के बीच तालमेल होना अत्यंत आवश्यक है।
परनाइक ने राष्ट्रीय सुरक्षा के प्रति सेना की अडिग प्रतिबद्धता और विभिन्न ‘सद्भावना’ पहलों के माध्यम से स्थानीय समुदायों के साथ उनके सकारात्मक जुड़ाव की सराहना की।
राज्यपाल ने कहा कि इन जन-पहुंच कार्यक्रमों, विशेष रूप से स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को बढ़ावा देने, सैनिक स्कूलों में प्रवेश के लिए छात्रों को कोचिंग देने और स्थानीय युवाओं को सेना में शामिल होने के लिए प्रेरित करने जैसे प्रयासों ने सुदूरवर्ती इलाकों में शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सामुदायिक कल्याण सेवाओं तक पहुंच में सुधार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि इस तरह के प्रयासों ने स्थानीय आबादी के बीच आपसी विश्वास, सद्भावना और राष्ट्रीय एकता की भावना को सफलतापूर्वक मजबूत किया है।
भाषा सुमित नरेश
नरेश

Facebook


