असम विधानसभा चुनाव : पहले दो घंटे में करीब 18 प्रतिशत मतदान
असम विधानसभा चुनाव : पहले दो घंटे में करीब 18 प्रतिशत मतदान
(फोटो के साथ)
गुवाहाटी, नौ अप्रैल (भाषा) असम विधानसभा चुनाव के लिए बृहस्पतिवार सुबह से जारी मतदान के शुरुआती दो घंटों में 17.87 प्रतिशत लोगों ने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
इस चुनाव में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) लगातार तीसरी बार सत्ता में लौटने का लक्ष्य लेकर मैदान में उतरी है, जबकि कांग्रेस 2016 में हारने के बाद फिर से सरकार बनाना चाहती है।
अधिकारियों ने बताया कि 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और सुबह नौ बजे तक राज्य के 2.5 करोड़ मतदाताओं में से 17.87 प्रतिशत ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
पहले दो घंटे में माजुली में सबसे अधिक 20.03 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जबकि बोडोलैंड प्रादेशिक क्षेत्र के तमुलपुर में सबसे कम 15.32 प्रतिशत मतदान हुआ।
इन चुनाव के लिए मतदान एक ही चरण में होगा। मतदान सुबह सात बजे शुरू हुआ और यह शाम पांच बजे समाप्त होगा। मतदान केंद्रों के बाहर सुबह से ही मतदाताओं की लंबी कतारें देखी गईं।
राज्य भर के 31,490 मतदान केंद्रों पर 2.50 करोड़ मतदाता मताधिकार का इस्तेमाल करने के पात्र हैं। इन मतदाताओं में 1.25 करोड़ महिलाएं और तृतीय लिंग के 318 मतदाता शामिल हैं। मतगणना चार मई होगी।
भाषा सिम्मी सुरभि
सुरभि

Facebook


