असम : कांग्रेस बारपेटा के उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने को लेकर अदालत जाने पर विचार कर रही
असम : कांग्रेस बारपेटा के उम्मीदवार का नामांकन रद्द होने को लेकर अदालत जाने पर विचार कर रही
गुवाहाटी, 28 मार्च (भाषा) बारपेटा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार के नामांकन पत्रों में ‘‘किसी स्तर पर गलती’’ होने की बात स्वीकार करते हुए वरिष्ठ नेता जितेंद्र सिंह ने शनिवार को कहा कि ‘‘तकनीकी त्रुटि’’ उम्मीदवारी को पूरी तरह से खारिज करने का आधार नहीं होनी चाहिए और पार्टी इस मामले में अदालत जाने की तैयारी कर रही है।
कांग्रेस उम्मीदवार महानंदा सरकार का नामांकन इस आधार पर खारिज कर दिया गया कि फॉर्म ए पर पार्टी के अधिकृत नेता के आवश्यक हस्ताक्षर नहीं थे।
असम के प्रभारी कांग्रेस महासचिव सिंह ने कहा, ‘‘कुछ स्तर पर गलती हुई थी। अतिरिक्त फॉर्म भी जमा किए गए थे, लेकिन उनमें कुछ तकनीकी खामियां थीं।’’
उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के नियमों में जांच प्रक्रिया के दौरान तकनीकी त्रुटियों के सुधार की अनुमति है और उन्होंने यह भी कहा कि इस स्थिति को उच्चतम न्यायालय के निर्णयों द्वारा भी बरकरार रखा गया है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमने जांच के दौरान संशोधित प्रपत्र प्रस्तुत किए थे और हमारे उच्च न्यायालय के वकील भी उपस्थित थे। लेकिन निर्वाचन आयोग ने एक ‘कार्यकर्ता’ की तरह व्यवहार किया और नामांकन खारिज कर दिया।’’
सिंह ने कहा कि कांग्रेस कानूनी उपायों का सहारा लेगी और यदि आवश्यक हुआ तो चुनाव रद्द करने की मांग करेगी।
सरकार की उम्मीदवारी खारिज होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सहयोगी असम गण परिषद (अगप) के दीपक कुमार दास और दो निर्दलीय उम्मीदवार बारपेटा सीट के लिए मैदान में बने हुए हैं। यह निवर्तमान विधानसभा सीट कांग्रेस के पास है।
असम में 126 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव नौ अप्रैल को होंगे और मतों की गिनती चार मई को होगी।
भाषा
गोला अविनाश
अविनाश

Facebook


