असम चुनाव: रायजोर दल ने दो और सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

असम चुनाव: रायजोर दल ने दो और सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की

असम चुनाव: रायजोर दल ने दो और सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की
Modified Date: March 15, 2026 / 01:09 pm IST
Published Date: March 15, 2026 1:09 pm IST

गुवाहाटी, 15 मार्च (भाषा) असम में विपक्षी रायजोर दल ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए दो और निर्वाचन क्षेत्रों पर उम्मीदवारों की घोषणा की है।

इसके साथ ही पार्टी द्वारा अब तक घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 13 हो गई है।

पार्टी अध्यक्ष एवं विधायक अखिल गोगोई द्वारा शनिवार को जारी बयान के अनुसार, नौबोइचा निर्वाचन क्षेत्र से हरिकांत दास और धेमाजी से बाबुल सोनोवाल को चुनाव मैदान में उतारा गया है।

राज्य में विपक्षी गठबंधन का हिस्सा रहे रायजोर दल ने कांग्रेस के साथ सीट बंटवारे पर बातचीत विफल होने के बाद इस चुनाव में अकेले उतरने का फैसला किया है। इससे पहले, पार्टी ने चार मार्च को 11 विधानसभा क्षेत्रों के लिए उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की थी।

पिछले विधानसभा चुनाव में अखिल गोगोई ने शिवसागर सीट से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी और सदन में पार्टी के एकमात्र विधायक के रूप में प्रतिनिधित्व किया था। हालांकि, इस बार जारी की गई दोनों सूचियों में से किसी में भी उनका नाम शामिल नही है।

असम की 126 सदस्यीय विधानसभा में भारतीय जनता पार्टी के 64 विधायक हैं, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद के नौ, यूनाइटेड पीपुल्स पार्टी लिबरल के सात और बोडो पीपुल्स फ्रंट के तीन विधायक हैं।

विपक्ष में कांग्रेस के 26 सदस्य, ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट के 15 सदस्य, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी का एक विधायक और एक निर्दलीय विधायक है।

भाषआ प्रचेता सिम्मी

सिम्मी


लेखक के बारे में