बारुईपुर बलात्कार-हत्या मामला: मुख्य आरोपी, दो अन्य गिरफ्तार; तीन लोग हिरासत में लिए गए
बारुईपुर बलात्कार-हत्या मामला: मुख्य आरोपी, दो अन्य गिरफ्तार; तीन लोग हिरासत में लिए गए
कोलकाता, छह जुलाई (भाषा) पश्चिम बंगाल पुलिस ने बारुईपुर में एक नाबालिग से कथित तौर पर बलात्कार और उसकी हत्या के मामले में मुख्य आरोपी को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया जिससे मामले में गिरफ्तार लोगों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
अधिकारी ने बताया कि आरोपी की पहचान आनंद सरदार के रूप में हुई है। उसे बारुईपुर जिला पुलिस ने दोपहर के समय एक तलाश अभियान के बाद दक्षिण 24 परगना में बाजार इलाके से पकड़ा।
उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘इस मामले में मुख्य आरोपी सरदार को गिरफ्तार कर लिया गया है। ऐसी सूचना थी कि वह बारुईपुर बाजार क्षेत्र में है, जिसके बाद उसे पकड़ लिया गया। उसकी गिरफ्तारी के साथ ही इस मामले में गिरफ्तार किए गए लोगों की संख्या अब तीन हो गई है।’’
अधिकारी ने बताया कि आरोपी को उसकी मोबाइल फोन टावर लोकेशन के जरिए पकड़ा गया।
उन्होंने कहा कि आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया जाएगा और पूछताछ के लिए वह पुलिस हिरासत में है।
अधिकारी के अनुसार, इस मामले की जांच के लिए छह सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। एक व्यक्ति को बीती रात गिरफ्तार किया गया था और दूसरे को आज सुबह गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी ने कहा, ‘‘इनके अलावा हमने तीन अन्य लोगों को हिरासत में लिया है। हमारे अधिकारी उनसे पूछताछ कर रहे हैं। हमें इस अपराध में मुख्य आरोपी की भूमिका के साथ-साथ उसके संभावित ठिकाने के बारे में भी जानकारी मिली।’’
लड़की का शव सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी में मिला।
रविवार को शव मिलने के कुछ घंटों बाद गुस्साई भीड़ ने लड़की की मौत में शामिल होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी।
इस बीच, अपराध को लेकर फैले तनाव के कारण कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अधिकारियों ने दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर, नरेंद्रपुर और सोनारपुर इलाकों में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू कर दी है।
वहीं, एक अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘हालात काबू में हैं, लेकिन कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए एहतियात के तौर पर निषेधाज्ञा लागू की गई है। प्रभावित इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है।’’
अधिकारी ने कहा, ‘‘हम लोगों से अपील करते हैं कि वे अफवाहों पर ध्यान नहीं दें और प्रशासन का सहयोग करें। शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’
भाषा सुरभि नेत्रपाल
नेत्रपाल

Facebook


