बंगाल: मेस्सी के कार्यक्रम में गड़बड़ी के मामले में पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए पूर्व मंत्री बिस्वास
बंगाल: मेस्सी के कार्यक्रम में गड़बड़ी के मामले में पुलिस के समक्ष पेश नहीं हुए पूर्व मंत्री बिस्वास
कोलकाता, चार जून (भाषा) पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास पिछले साल दिसंबर में सॉल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था से संबंधित मामले में पूछताछ के लिए बृहस्पतिवार को पुलिस के सामने पेश नहीं हुए और उन्होंने खराब स्वास्थ्य का हवाला देते हुए दो सप्ताह का समय देने का अनुरोध किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।
कार्यक्रम के आयोजक शतद्रु दत्ता ने बिस्वास के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी और पूर्व मंत्री पर टिकटों की कालाबाजारी, जबरन वसूली, आपराधिक धमकी व धोखाधड़ी का आरोप लगाया था।
पुलिस ने बिस्वास को पांच जून तक जांचकर्ताओं के सामने पेश होने के लिए कहा था।
तृणमूल नेता ने स्वास्थ्य समस्याओं का हवाला देते हुए कहा कि वह फिलहाल पेश होने की स्थिति में नहीं हैं।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, “हमें उनसे (अरूप बिस्वास से) चिकित्सा कारणों से अतिरिक्त समय देने का पत्र मिला है। अनुरोध की कानूनी प्रक्रियाओं के अनुसार जांच की जा रही है। जांच के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।”
दत्ता ने इस घटनाक्रम पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए आरोप लगाया कि पूर्व मंत्री जांच में देरी करने का प्रयास कर रहे हैं।
दत्ता ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “समन मिलने के बाद अचानक बीमार पड़ जाना? मेडिकल सर्टिफिकेट से समय तो मिल सकता है, लेकिन इससे कोई न्याय से बच नहीं सकता।”
उन्होंने दावा किया कि बीमारी का समय महज एक संयोग नहीं माना जा सकता। उन्होंने मामले को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।
मेस्सी के भारत में कार्यक्रम के मुख्य आयोजक दत्ता ने 17 मई को बिधाननगर दक्षिण थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी, जिसमें उन्होंने पूर्व खेल मंत्री पर भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और जबरन वसूली सहित कई अपराधों का आरोप लगाया था।
भाषा जितेंद्र वैभव
वैभव

Facebook


