बंगाल: एसआईआर के बाद मतदाता सूची जारी होने के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस को निर्देश

बंगाल: एसआईआर के बाद मतदाता सूची जारी होने के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस को निर्देश

बंगाल: एसआईआर के बाद मतदाता सूची जारी होने के मद्देनजर सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस को निर्देश
Modified Date: February 28, 2026 / 05:33 pm IST
Published Date: February 28, 2026 5:33 pm IST

कोलकाता, 28 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल सरकार ने शनिवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद जारी होने वाली मतदाता सूची के मद्देनजर पुलिस को राज्य भर में सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों ने बताया कि गृह सचिव और पुलिस महानिदेशक सहित वरिष्ठ अधिकारी दिन भर राज्य सचिवालय में स्थिति पर नजर रखने के लिए मौजूद रहेंगे।

एक अधिकारी ने बताया कि राज्य सचिवालय ने उत्तर एवं दक्षिण 24 परगना, मुर्शिदाबाद, नादिया और उत्तरी बंगाल के जिलों के पुलिस अधीक्षकों को अलर्ट जारी कर दिये हैं।

उन्होंने बताया कि पुलिस महानिदेशक और पुलिस महानिरीक्षकों ने सभी इकाइयों को ‘अत्यधिक सतर्क’ रहने का निर्देश दिया है।

अधिकारी ने बताया, “अंतिम एसआईआर सूची के प्रकाशन के मद्देनजर सभी इकाइयों को अत्यधिक सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।”

उन्होंने बताया कि ‘नबन्ना’ (राज्य सचिवालय) नियंत्रण कक्ष को भी अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है, ताकि “राज्य के किसी भी हिस्से से अशांति की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।”

एक अन्य अधिकारी ने बताया, “हम कोई जोखिम नहीं लेना चाहते, क्योंकि एसआईआर के बाद की मतदाता सूची आज (शनिवार को) जारी की जा रही है और अगले सप्ताह डोल यात्रा और होली के त्योहार हैं।”

निर्वाचन आयोग ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में चरणबद्ध तरीके से एसआईआर के बाद की मतदाता सूची प्रकाशित करना शुरू किया है।

बांकुरा जिले के आंकड़ों से पता चला कि प्रक्रिया शुरू होने के बाद से लगभग 1.18 लाख नाम हटाए जा चुके हैं।

बांकुरा और कूच बिहार सहित विभिन्न जिलों में अद्यतन सूचियों की प्रतियां चस्पा कर दी गई थीं, हालांकि प्राप्त अंतिम खबरों के अनुसार पोर्टल और मोबाइल ऐप्लिकेशन पर सूचियां अब तक ऑनलाइन उपलब्ध नहीं कराई गई हैं।

भाषा जितेंद्र सुरेश

सुरेश


लेखक के बारे में