बंगाल चुनाव: बीरभूम में ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प

बंगाल चुनाव: बीरभूम में ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प

बंगाल चुनाव: बीरभूम में ईवीएम में गड़बड़ी को लेकर स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प
Modified Date: April 23, 2026 / 06:11 pm IST
Published Date: April 23, 2026 6:11 pm IST

बीरभूम, 23 अप्रैल (भाषा) पश्चिम बंगाल में बीरभूम जिले के खारिसोल इलाके में बृहस्पतिवार को स्थानीय लोगों और सुरक्षाकर्मियों के बीच झड़प हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, यह झड़प राज्य विधानसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान के आखिरी घंटों के दौरान ईवीएम में खराबी के आरोपों के बाद पैदा हुए तनाव के कारण हुई।

उन्होंने बताया कि घटना दुबराजपुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत एक मतदान केंद्र पर हुई, जहां मतदाताओं ने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में डाले गए वोट भाजपा के खाते में दर्ज हो रहे हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद मतदान लगभग 30 मिनट के लिए रोक दिया गया और मतदान केंद्र के बाहर प्रदर्शन शुरू हो गया।

चुनाव अधिकारियों और नाराज मतदाताओं के बीच बहस छिड़ने के बाद स्थिति और बिगड़ गई, जिसके बाद स्थानीय लोगों का एक समूह मतदान केंद्र के बाहर इकट्ठा हो गया और प्रदर्शन करने लगा।

अधिकारियों ने बताया कि पुलिस और सीआरपीएफ जवानों पर पत्थर फेंके गए, जिसके बाद उन्हें हालात काबू में करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।

उन्होंने कहा कि इस घटना में केंद्रीय बलों के कई जवान घायल हो गए, और पुलिस का एक वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अधिकारियों ने बताया कि बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच मतदान फिर से शुरू किया गया और अब हालात पूरी तरह काबू में हैं।

बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 152 सीटों पर मतदान हुआ। दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा और मतों की गिनती चार मई को की जाएगी।

भाषा

राखी नेत्रपाल

नेत्रपाल


लेखक के बारे में