बंगाल: शुभेंदु ने ममता के गढ़ और अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में विजय रैली का नेतृत्व किया
बंगाल: शुभेंदु ने ममता के गढ़ और अपने विधानसभा क्षेत्र भवानीपुर में विजय रैली का नेतृत्व किया
(फोटो के साथ)
कोलकाता, 13 मई (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री और भवानीपुर से विधायक शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को अपने विधानसभा क्षेत्र में एक विशाल विजय रैली का नेतृत्व किया।
यह इलाका लंबे समय से पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता रहा है और यहां भाजपा का यह पहला बड़ा शक्ति प्रदर्शन था।
अधिकारी के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के महज चार दिन बाद आयोजित इस रैली में भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी। पूरे इलाके में भगवा झंडे लहराते रहे और “शुभेंदु दा जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे।
रैली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और स्थानीय पदाधिकारी भी आदिकारी के साथ मौजूद रहे। पार्टी नेताओं ने इसे मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए आयोजित धन्यवाद रैली बताया।
हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भवानीपुर सीट जीतने वाले अधिकारी ने क्षेत्र की जनता को समर्थन के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि यह जनादेश राज्य में राजनीतिक बदलाव की जनता की इच्छा को दर्शाता है।
राजनीतिक पर्यवेक्षकों ने इस रैली को प्रतीकात्मक रूप से बेहद महत्वपूर्ण बताया, क्योंकि भवानीपुर लंबे समय से ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस का गढ़ रहा है।
रैली जब विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से गुजरी तो सड़कों के दोनों ओर लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और पूरा इलाका भगवामय नजर आया।
भाजपा नेताओं ने दावा किया कि रैली को मिले उत्साहपूर्ण समर्थन से स्पष्ट है कि भवानीपुर की जनता ने बदलाव और विकास के आह्वान का समर्थन किया है।
भाषा जोहेब माधव
माधव

Facebook


