बंगाल: डब्ल्यूबीजेईईबी की प्रवेश परीक्षा तिथि को लेकर अनिश्चितता, छात्रों की चिंता बढ़ी

बंगाल: डब्ल्यूबीजेईईबी की प्रवेश परीक्षा तिथि को लेकर अनिश्चितता, छात्रों की चिंता बढ़ी

बंगाल: डब्ल्यूबीजेईईबी की प्रवेश परीक्षा तिथि को लेकर अनिश्चितता, छात्रों की चिंता बढ़ी
Modified Date: February 28, 2026 / 04:55 pm IST
Published Date: February 28, 2026 4:55 pm IST

कोलकाता, 28 फरवरी (भाषा) पश्चिम बंगाल संयुक्त प्रवेश परीक्षा बोर्ड (डब्ल्यूबीजेईईबी) द्वारा राज्य इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा का कार्यक्रम अभी तक घोषित नहीं किए जाने से छात्रों की चिंता बढ़ गई है क्योंकि शैक्षणिक कैलेंडर शुरू हो चुका है और अप्रैल-मई में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।

डब्ल्यूबीजेईई आमतौर पर 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा समाप्त होने के बाद अप्रैल या मई में आयोजित की जाती है। पिछले वर्ष यह परीक्षा 27 अप्रैल को हुई थी। हालांकि, इस साल अभी तक कोई तारीख घोषित नहीं की गई है और आवेदन प्रक्रिया अभी शुरू नहीं हुई है।

डब्ल्यूबीजेईईबी के अध्यक्ष गौतम पाल ने शनिवार को कहा कि परीक्षा को समय पर आयोजित करना वर्तमान में उनकी ‘‘सबसे बड़ी चुनौती’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और हमें उम्मीद है कि हम उचित समय सीमा के भीतर परीक्षा आयोजित करेंगे और परिणाम प्रकाशित करेंगे।’’

इस देरी से महाविद्यालयों के पदाधिकारी आशंकित हैं खासतौर पर आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर, जो लगभग उसी समय होने की उम्मीद है।

निजी महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के संगठन ‘एसोसिएशन ऑफ प्रोफेशनल एकेडमिक इंस्टीट्यूशंस’ (एपीएआई) के अध्यक्ष तरनजीत सिंह ने कहा, ‘‘हम इस मामले पर डब्ल्यूबीजेईईबी के अध्यक्ष से चर्चा करेंगे।’’

पिछले साल डब्ल्यूबीजेईई के परिणाम निर्धारित समय से लगभग दो महीने बाद प्रकाशित हुए थे, जिससे कई उम्मीदवार चिंतित हैं।

खबरों के मुताबिक, कुछ छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षा के परिणामों के आधार पर राज्य के बाहर के अन्य पाठ्यक्रमों या संस्थानों का चयन किया था।

उस समय इंजीनियरिंग महाविद्यालयों ने शिकायत की थी कि अपेक्षाकृत कम रैंक वाले उम्मीदवार दाखिला ले रहे थे, क्योंकि कई मेधावी छात्र राज्य के बाहर के संस्थानों में चले गए थे।

परंपरिक रूप से अगले वर्ष की परीक्षा की तिथि परिणाम प्रकाशन के दिन ही घोषित की जाती है। हालांकि, 2025 में ऐसा नहीं हुआ।

भाषा धीरज संतोष

संतोष


लेखक के बारे में