बेंगलुरु: गोदाम में लगी भीषण आग आसपास की इमारतों में फैली, 50 महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया
बेंगलुरु: गोदाम में लगी भीषण आग आसपास की इमारतों में फैली, 50 महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया
बेंगलुरु, 28 अप्रैल (भाषा) बेंगलुरु स्थित एक गोदाम में लगी भीषण आग चार मंजिला ‘पीजी’ इमारत और आसपास की आवासीय इमारतों तक फैल गई जिसके बाद करीब 50 महिलाओं को सुरक्षित निकाला गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि नंदिनी लेआउट स्थित गोदाम में शनिवार देर रात 12 बजकर करीब 50 मिनट पर आग लग गई। इस गोदाम में बैनर और एलईडी स्क्रीन रखे हुए थे।
पुलिस ने बताया कि इस दौरान किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, तेजी से फैली आग ने ‘पीजी’ इमारत और आसपास के घरों को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके बाद लगभग 50 महिलाओं को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया।
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि धुएं और आग की लपटों के बीच इमारत से कुछ महिलाएं नीचे कूद गईं।
इस घटना के बाद, गोदाम के सामने खड़े एक दोपहिया वाहन समेत दो गाड़ियां पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं।
अधिकारियों ने बताया कि अग्निशमन एवं आपात सेवा कर्मी दो दमकल गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे और उसके बाद आग पर काबू पा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि नंदिनी लेआउट थाने में इस घटना के संबंध में मामला दर्ज किया गया और माना जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।
भाषा यासिर सिम्मी
सिम्मी

Facebook


