राज्यसभा चुनाव: बीजद ने पार्टी नेता संतृप्त मिश्रा और डॉक्टर दत्तेश्वर होता को उम्मीदवार घोषित किया
राज्यसभा चुनाव: बीजद ने पार्टी नेता संतृप्त मिश्रा और डॉक्टर दत्तेश्वर होता को उम्मीदवार घोषित किया
भुवनेश्वर, 28 फरवरी (भाषा) बीजू जनता दल (बीजद) के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. संतृप्त मिश्रा और चिकित्सक दत्तेश्वर होता को राज्यसभा के आगामी चुनाव के लिए शनिवार को पार्टी उम्मीदवार घोषित किया।
मिश्रा ने 2024 के लोकसभा चुनाव में कटक से चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। वर्तमान में वह पटनायक के राजनीतिक सचिव के रूप में काम करते हैं जबकि होता मूत्र संबंधी रोगों के प्रख्यात विशेषज्ञ हैं।
पटनायक ने पार्टी विधायकों से चर्चा करने के बाद यह घोषणा की।
इससे पहले, बीजद की राजनीतिक मामलों की समिति ने पटनायक को राज्यसभा उम्मीदवारों का फैसला करने के लिए अधिकृत किया था।
बीजद के प्रमुख पटनायक ने कहा, ‘‘अगले महीने होने वाले राज्यसभा चुनाव के लिए हमारी पार्टी ने दो उम्मीदवार घोषित करने का फैसला किया है। पहले उम्मीदवार डॉ. संतृप्त मिश्रा हैं, जो हमारी पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं। दूसरे उम्मीदवार ओडिशा के जाने-माने चिकित्सक दत्तेश्वर होता हैं।’’
राज्यसभा चुनाव 16 मार्च को होने वाले हैं।
पटनायक ने बताया कि होता ओडिशा स्वास्थ्य विश्वविद्यालय के पहले कुलपति और कटक में एससीबी मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल भी रह चुके हैं।
विपक्ष के नेता ने कहा, “चूंकि वह (डॉ. होता) आम सहमति से उम्मीदवार हैं इसलिए मैं सभी दलों से अपील करता हूं कि वे उनका समर्थन करें और उन्हें राज्यसभा भेजें।”
ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (ओपीसीसी) के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने पटनायक के डॉ. होता को आम सहमति से उम्मीदवार बनाने के फैसले की सराहना की।
दास इस समय दिल्ली में हैं।
दास ने एक समाचार चैनल से बात करते हुए दावा किया, “नवीन बाबू ने डॉ. होता को संयुक्त उम्मीदवार बनाकर एक बहुत महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। हम सत्तारूढ़ भाजपा द्वारा संभावित खरीद-फरोख्त को रोकने के लिए उनकी उम्मीदवारी का समर्थन करेंगे। संयुक्त उम्मीदवार का समर्थन करने में कोई कठिनाई नहीं है।”
पटनायक ने एक प्रश्न के उत्तर में कहा कि उन्हें दोनों उम्मीदवारों की जीत की उम्मीद है।
मिश्रा ने पत्रकारों से कहा, “राज्यसभा चुनाव में मुझे यह अवसर देने के लिए मैं बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक और पार्टी नेताओं का आभार व्यक्त करता हूं। मैं इसे विनम्रतापूर्वक स्वीकार करता हूं।”
डॉ. होता ने उन पर विश्वास जताने के लिए पटनायक की सराहना की और कहा, “मैं राज्य और देश में स्वास्थ्य क्षेत्र में सुधार के लिए अथक प्रयास करूंगा।”
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष

Facebook


