भाजपा ने विजयन के आवास के बाहर ईडी अधिकारियों पर हुए हमले की निंदा की
भाजपा ने विजयन के आवास के बाहर ईडी अधिकारियों पर हुए हमले की निंदा की
तिरुवनंतपुरम, 27 मई (भाषा) भाजपा ने बुधवार को केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास के बाहर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के अधिकारियों पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए इसे कानून के शासन पर प्रहार बताया।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हिंसा भ्रष्ट लोगों का अंतिम सहारा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास के बाहर आज ईडी अधिकारियों और उनके वाहन पर हुए शर्मनाक हमले से माकपा की जवाबदेही को लेकर असहजता उजागर होती है।’’
भाजपा विधायक ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात अधिकारियों पर हमला करना और जांच में बाधा डालना राजनीतिक विरोध नहीं बल्कि यह कानून के शासन पर प्रहार है।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमेशा की तरह, कांग्रेस के नेतृत्व वाली राज्य सरकार अपने राजनीतिक सहयोगी माकपा को बचाने के लिए चुप्पी साधे हुए है।’’
चंद्रशेखर ने कहा कि केरल के लोगों को सच्चाई जानने का हक है। उन्होंने कहा, ‘‘कोई नेता, कोई पार्टी और कोई पूर्व मुख्यमंत्री कानून से ऊपर नहीं है।’’
केरल के पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के आवास के बाहर बुधवार को उस समय हिंसा भड़क उठी, जब ईडी के अधिकारी छापेमारी की कार्रवाई पूरी कर परिसर से बाहर निकल रहे थे।
समाचार चैनलों पर प्रसारित दृश्यों के अनुसार, मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के कार्यकर्ता विजयन के किराए के आवास के बाहर एकत्र हुए और छापेमारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कुछ प्रदर्शनकारियों ने ईडी के अधिकारियों को ले जा रहे वाहन का रास्ता रोक दिया और कथित तौर पर उस पर पथराव किया।
भाषा
शफीक माधव
माधव

Facebook


