भाजपा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को ‘सर्कस’ बनाया: अशोक गहलोत

भाजपा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को 'सर्कस' बनाया: अशोक गहलोत

भाजपा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को ‘सर्कस’ बनाया: अशोक गहलोत
Modified Date: July 3, 2026 / 07:39 pm IST
Published Date: July 3, 2026 7:39 pm IST

जयपुर, जुलाई (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार को राजस्थान की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर भर्ती प्रक्रिया का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सर्कस और सरकारी तंत्र को मजाक बनाकर रख दिया है।

गहलोत ने एक बयान में कहा,‘‘कल चार जुलाई को प्रधानमंत्री के दौरे की आड़ में जिला मुख्यालयों पर युवाओं को जुटाकर नियुक्ति पत्र बांटने का जो भद्दा तमाशा रचा जा रहा है, वह युवाओं के स्वाभिमान पर चोट है।’’

वरिष्ठ कांग्रेस गहलोत ने आरोप लगाया,‘‘जिला प्रशासन को लक्ष्य देकर भीड़ जुटाना, उनके आने-जाने और खाने के लिए सरकारी धन का दुरुपयोग कर राजनीति करना अनैतिक और दुर्भाग्यपूर्ण है।’’

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को राजस्थान के दौरे पर आर रहे हैं। इस दौरान एक कार्यक्रम में वह राजस्थान सरकार के विभिन्न विभागों में हाल में भर्ती हुए लगभग 54,000 कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र भी सौंपेंगे।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राजस्थान की भाजपा सरकार कान खोलकर सुन ले- आप युवाओं को नौकरी देकर कोई ‘एहसान’ नहीं कर रहे हैं। इन युवाओं ने दिन-रात मेहनत की और प्रतियोगिता उत्तीर्ण कर अपना हक प्राप्त किया है। हमारी (पूर्ववर्ती) सरकार ने भी रिकॉर्ड लाखों नौकरियां दीं, लेकिन अपनी पीठ थपथपाने के लिए कभी युवाओं का ऐसा राजनीतिक इस्तेमाल नहीं किया।’’

उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में सरकारी भर्तियां समय पर पूरी नहीं हो रही हैं। उन्होंने कहा,‘‘शर्म की बात है कि प्रदेश में भर्तियां समय पर पूरी नहीं हो रही हैं, जो कैलेंडर जारी किए गए उनके अनुरूप परीक्षाएं नहीं हो रही हैं, लेकिन ‘वीआईपी’ दौरों के नाम पर नौटंकी वाले कार्यक्रम एकदम समय पर हो जाते हैं। वाहवाही लूटने के लिए मंच से फोटो खिंचवाकर नियुक्ति पत्र तो बांट दिए जाते हैं, पर वास्तविक नियुक्ति पत्र के लिए युवा महीनों दर-दर भटकते रहते हैं।’

गहलोत ने कहा कि भाजपा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सर्कस बना दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘पूर्ववर्ती वसुंधरा सरकार से लेकर वर्तमान भाजपा सरकार तक, भाजपा ने प्रशासनिक प्रक्रियाओं को सर्कस और सरकारी तंत्र को मजाक बनाकर रख दिया है। राजस्थान का युवा इस झांसा तंत्र को देख रहा है और वक्त आने पर इस एहसान जताने के अपमान का करारा जवाब देगा।’’

भाषा पृथ्वी राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में