‘आप’ के सांसदों की सबसे बड़ी खरीदार है भाजपा : द्रमुक
‘आप’ के सांसदों की सबसे बड़ी खरीदार है भाजपा : द्रमुक
चेन्नई, 26 अप्रैल (भाषा) द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) ने शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर “धोखाधड़ी और अलोकतांत्रिक हथकंडे” अपनाने का आरोप लगाया और कहा कि वह “आम आदमी पार्टी के सांसदों की सबसे बड़ी खरीदार” है।
हालांकि, भाजपा ने इन आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद पार्टी के नेतृत्व से असंतुष्ट थे, इसलिए भाजपा में शामिल होना चाहते थे।
‘आप’ के राज्यसभा सदस्य राघव चड्ढा और संदीप पाठक ने शुक्रवार को घोषणा की थी कि वे पार्टी के पांच अन्य सांसदों के साथ भाजपा में शामिल हो रहे हैं।
राष्ट्रीय राजधानी में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में चड्ढा ने कहा कि आप के 10 में से 7 राज्यसभा सदस्य भाजपा में शामिल होने के लिए तैयार हैं। वहीं, आप नेता संजय सिंह ने शनिवार को कहा कि पार्टी राज्यसभा के सभापति को पत्र लिखकर इन सात सांसदों को अयोग्य ठहराने की मांग करेगी।
इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए द्रमुक के प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा, “भाजपा सांसदों और विधायकों की सबसे बड़ी खरीदार है। वह किसी भी तरह की धोखाधड़ी करने से नहीं चूकती। लोकतंत्र में उसे कोई विश्वास नहीं है। वह किसी भी तरह सत्ता हासिल करना चाहती है और इसके लिए सभी गलत, अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक गतिविधियां करती है। भारत की सबसे खराब राजनीतिक पार्टी भाजपा है।”
वहीं, तमिलनाडु भाजपा के मुख्य प्रवक्ता नारायण तिरुपति ने कहा कि ‘आप’ के राज्यसभा सदस्य अपनी पार्टी से असंतुष्ट थे।
उन्होंने कहा, “इसके अलावा, अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में हुईं परेशानियों और भाजपा के प्रदर्शन तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास एजेंडे को देखते हुए उन्होंने भाजपा में शामिल होने का फैसला किया।”
भाषा जोहेब दिलीप
दिलीप

Facebook


