भाजपा सपा प्रमुख की बेटी पर एआई जनित पोस्ट से राजनीतिक स्तर गिरा रही है: सपा नेता

भाजपा सपा प्रमुख की बेटी पर एआई जनित पोस्ट से राजनीतिक स्तर गिरा रही है: सपा नेता

भाजपा सपा प्रमुख की बेटी पर एआई जनित पोस्ट से राजनीतिक स्तर गिरा रही है: सपा नेता
Modified Date: June 13, 2026 / 05:29 pm IST
Published Date: June 13, 2026 5:29 pm IST

कानपुर (उप्र), 13 जून (भाषा) समाजवादी पार्टी (सपा) के नेताओं ने शुक्रवार को सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीतिक बहस का स्तर गिराने का आरोप लगाया।

यह आरोप सपा प्रमुख अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव को निशाना बनाते हुए एआई से सृजित आपत्तिजनक सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद लगाया गया।

यह विवाद तब और बढ़ गया जब सपा विधायक मोहम्मद हसन रूमी ने उस पहले पुलिसकर्मी के लिए 1.11 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की जो ‘आरोपी को पकड़ेगा, उसे बांधेगा, सार्वजनिक रूप से घुमाएगा ।’’

कानपुर के कैंट विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले रूमी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता ने सारी हदें पार कर दी हैं और अब नेताओं के परिवारों को भी सार्वजनिक हमलों में घसीटा जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘अब गेंद भाजपा के पाले में है। जिसने भी यह एआई-जनरेटेड पोस्ट बनाया और फैलाया है, उसे इस शर्मनाक हरकत के लिए कड़ी कार्रवाई और सार्वजनिक निंदा का सामना करना चाहिए।’’

रूमी ने साइबर अपराध से जुड़े कानूनों को और सख्त बनाने की भी मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सात साल से कम सजा वाले मामलों में अपराधी अक्सर तुरंत गिरफ्तारी से बच निकलते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘साइबर अपराध कानूनों को और सख्त और प्रभावी बनाने की जरूरत है ताकि ऐसे अपराधों पर रोक लगाई जा सके।’’

उन्होंने तस्वीरों में छेड़छाड़ करने और अपमानजनक सामग्री फैलाने के लिए कृत्रिम मेधा (एआई) के कथित दुरुपयोग को ‘बेहद निंदनीय’ बताया।

आर्य नगर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले सपा विधायक अमिताभ बाजपेयी ने सपा अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव प्रवीण यादव की शिकायत का समर्थन किया और कहा कि राजनीतिक मतभेद कभी भी परिवार के सदस्यों तक नहीं पहुंचने चाहिए।

बाजपेयी ने कहा, ‘‘राजनीतिक प्रतिद्वंद्विता लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन ऐसे अभियानों में परिवारों और बच्चों को घसीटना दुर्भाग्यपूर्ण एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।’’

यह विवाद तब शुरू हुआ जब सोशल मीडिया मंच पर अदिति यादव को निशाना बनाने वाला कथित आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट सामने आया।

प्रवीण यादव की शिकायत के बाद, कानपुर अपराध शाखा ने बृहस्पतिवार को तीन लोगों – भरत कुमार पटेल, नागेश्वर सिंह बघेल और विनोद कुमार यादव – के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की।

अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) विपिन टाडा ने कहा कि अदिति यादव की छवि खराब करने और सपा प्रमुख के परिवार की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के लिए ऑनलाइन मनगढ़ंत और अपमानजनक सामग्री फैलाने के आरोपों के बाद संबंधित कानूनी प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

सपा नेताओं ने पोस्ट करने और उसे फैलाने के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ निष्पक्ष जांच और सख़्त कार्रवाई की मांग की।

भाषा सं आनन्‍द

राजकुमार

राजकुमार


लेखक के बारे में