भाजपा नेता ने कश्मीरी पंडितों के बारे में टिप्पणी के लिए महबूबा पर साधा निशाना
भाजपा नेता ने कश्मीरी पंडितों के बारे में टिप्पणी के लिए महबूबा पर साधा निशाना
जम्मू, 22 जून (भाषा) भाजपा नेता जहांजेब सिरवाल ने कश्मीरी पंडितों को लेकर पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती की टिप्पणी की आलोचना करते हुए सोमवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में ऐसा माहौल बनाने पर ध्यान देना चाहिए जो लोगों के विश्वास को मजबूत करे, घावों को भरने में मदद करे और यह सुनिश्चित करे कि हर समुदाय खुद को सुरक्षित महसूस करे।
सिरवाल ने कहा कि भले ही जम्मू-कश्मीर का भविष्य मेल-मिलाप, आपसी सम्मान और जख्मों को भरने की भावना पर आधारित होना चाहिए, लेकिन कश्मीरी पंडित समुदाय ने जो पीड़ा और कष्ट झेले हैं, उन्हें लोगों से अतीत को भूल जाने के लिए कहकर यूं ही नजरअंदाज नहीं किया जा सकता।
खीर भवानी मंदिर में कश्मीरी पंडितों से संवाद के बाद पत्रकारों से बातचीत में पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) प्रमुख मुफ़्ती ने कहा कि कश्मीरी पंडितों को अतीत की यादों के बंधक बने रहने के बजाय आगे बढ़ना चाहिए और घाटी में साझा भविष्य के निर्माण में निवेश करना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इस मेले में बड़ी संख्या में कश्मीरी पंडित आए हैं और कश्मीर के लोग दिल से उनका स्वागत करते हैं। हम चाहते हैं कि हमारे कश्मीरी पंडित भाई-बहन अतीत की बातों को भूलकर भविष्य की ओर देखें।’’
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता ने कहा कि वास्तविक मेल-मिलाप चुनिंदा बातों को याद रखने या भूल जाने से नहीं होता, बल्कि ईमानदार आत्ममंथन, वास्तविकताओं को स्वीकार करने और जहां गलतियां हुई हैं उन्हें स्वीकार करने के साहस से हासिल होता है।
सिरवाल ने नेताओं से अपील की कि वे उन मुद्दों पर बोलते समय सावधानी और संवेदनशीलता बरतें, जो किसी पूरे समुदाय की भावनाओं, स्मृतियों और पीड़ा से गहराई से जुड़े हुए हैं।
भाषा आशीष नरेश
नरेश

Facebook


