भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने द्रमुक के पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी को उचित ठहराया
भाजपा नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने द्रमुक के पूर्व मंत्री की गिरफ्तारी को उचित ठहराया
चेन्नई, चार जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की वरिष्ठ नेता तमिलिसाई सौंदरराजन ने शनिवार को मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के खिलाफ टिप्पणी करने के मामले में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के पूर्व मंत्री अनिता आर. राधाकृष्णन की गिरफ्तारी को उचित ठहराया और कहा कि सार्वजनिक भाषणों में हर किसी को मर्यादा बनाए रखनी चाहिए।
राधाकृष्णन की गिरफ्तारी के मामले में टीवीके सरकार के प्रति उनका रुख पूछे जाने पर तमिलिसाई ने विजय नीत सरकार के समर्थन से इनकार किया और कहा कि डीएमके के कई पदाधिकारी अहंकारपूर्ण और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते रहे हैं।
भाजपा नेता ने पीटीआई-भाषा से कहा, ‘मैं टीवीके सरकार का समर्थन नहीं कर रही हूं। मेरा कहना सिर्फ इतना है कि सभी को गरिमापूर्ण और जिम्मेदारी के साथ बोलना चाहिए। डीएमके के कई पदाधिकारी अहंकारपूर्ण और अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल करते हैं और हम स्वयं (भाजपा) भी इसका शिकार रहे हैं। मेरा मानना है कि सभी को अपने भाषणों में मर्यादा का पालन करना चाहिए।”
तिरुचेंदूर से विधायक और पिछली द्रमुक सरकार में मत्स्य पालन मंत्री रहे राधाकृष्णन को तीन जुलाई, 2026 को थूथुकुडी जिले के ऑथूर से गिरफ्तार किया गया। उन पर आरोप है कि उन्होंने 20 जून को मुख्यमंत्री विजय के खिलाफ कथित तौर पर अपमानजनक और तीखी टिप्पणी की थी।
मद्रास उच्च न्यायालय द्वारा उनकी अग्रिम ज़मानत याचिका खारिज किए जाने के बाद उन्हें गिरफ़्तार कर लिया गया। गिरफ़्तारी के बाद उन्हें तिरुचेंदूर की एक अदालत में पेश किया गया और जहां से ज़मानत पर रिहा कर दिया गया।
भाषा प्रचेता पवनेश
पवनेश

Facebook


