भाजपा विधायक ने पुष्प प्रदर्शनी में आमंत्रित नहीं करने के लिए तमिलनाडु सरकार पर साधा निशाना
भाजपा विधायक ने पुष्प प्रदर्शनी में आमंत्रित नहीं करने के लिए तमिलनाडु सरकार पर साधा निशाना
उधगमंडलम (तमिलनाडु), 18 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक सी भोजराजन ने सोमवार को नीलगिरि जिला प्रशासन की आलोचना करते हुए आरोप लगाया कि उसने सरकारी वनस्पति उद्यान में 128वीं पुष्प प्रदर्शनी के लिए निर्वाचित प्रतिनिधियों को औपचारिक निमंत्रण नहीं भेजा।
भोजराजन उधगमंडलम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं। विश्व प्रसिद्ध उद्यान का दौरा करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने ‘प्रोटोकॉल’ की अनदेखी करने के लिए अधिकारियों की कड़ी आलोचना की।
उन्होंने दावा किया कि नीलगिरि के सांसद ए राजा, कुन्नूर के विधायक के एम राजू, गुडालूर के विधायक द्रविड़ मणि समेत क्षेत्र के प्रमुख जन प्रतिनिधियों को औपचारिक आधिकारिक निमंत्रण नहीं भेजे गए।
भाजपा विधायक ने उद्घाटन समारोह में नीलगिरि की जिलाधिकारी लक्ष्मी भव्य तनेरू की अनुपस्थिति पर भी कड़ी नाराजगी व्यक्त की और इस वार्षिक उत्सव के आधिकारिक संचालन पर सवाल उठाए।
पिछले संस्करणों से तुलना करते हुए, विधायक ने कहा कि पिछले वर्ष तत्कालीन मुख्यमंत्री (एम. के. स्टालिन) द्वारा पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन बेहद भव्य और सुनियोजित तरीके से किया गया था, लेकिन इस वर्ष इसका स्तर और क्रियान्वयन काफी खराब हो गया।
पर्यटकों के बीच मशहूर पुष्प प्रदर्शनी का 128वां संस्करण सोमवार को शुरू हुआ। यह प्रदर्शनी 28 मई तक आम लोगों के लिए खुली रहेगी।
भाषा आशीष अविनाश
अविनाश

Facebook


