भाजपा विधायक ने प्रधानमंत्री से नोएडा हवाई अड्डे पर प्रस्तावित यात्री शुल्क की समीक्षा का आग्रह किया
भाजपा विधायक ने प्रधानमंत्री से नोएडा हवाई अड्डे पर प्रस्तावित यात्री शुल्क की समीक्षा का आग्रह किया
नोएडा(उप्र), नौ मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के जेवर से विधायक धीरेन्द्र सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को पत्र लिखकर नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रस्तावित उपयोगकर्ता विकास शुल्क (यूडीएफ) और अन्य यात्री शुल्कों पर पुनर्विचार करने का अनुरोध किया है।
उन्होंने चिंता जताई कि बढ़े हुए शुल्कों के कारण यहां से हवाई यात्रा दिल्ली हवाई अड्डे की तुलना में अधिक महंगी हो सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का उद्घाटन किया था।
सिंह ने आठ मई को प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा कि इस हवाई अड्डे की परिकल्पना पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के कुछ हिस्सों के यात्रियों के लिए एक किफायती और सुलभ विकल्प के रूप में की गई थी।
विधायक ने कहा, “मैं नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रस्तावित उपयोगकर्ता विकास शुल्क (यूडीएफ) और अन्य यात्री शुल्कों के संबंध में स्थानीय जनता और संभावित यात्रियों की गंभीर चिंताओं को आपके ध्यान में लाना चाहता हूं।”
उन्होंने कहा कि यह हवाई अड्डा देश की सबसे महत्वाकांक्षी अवसंरचना परियोजनाओं में से एक है और इससे आर्थिक विकास, रोजगार सृजन एवं क्षेत्रीय संपर्क के लिहाज से काफी उम्मीदें जुड़ी हैं।
सिंह ने कहा हालांकि परिचालन के प्रारंभिक चरण के दौरान प्रस्तावित शुल्क संरचना जनहित के विपरीत प्रतीत होती है।
उन्होंने इंडिगो द्वारा 15 जून से शुरू की जाने वाली हवाई अड्डे की हालिया घोषित उड़ान अनुसूची का हवाला देते हुए कहा कि प्रारंभिक टिकट बुकिंग डेटा और मीडिया में प्रकाशित खबरों के अनुसार लखनऊ से जेवर हवाई अड्डे का किराया लगभग 5,072 रुपये है जबकि दिल्ली हवाई अड्डे के लिए उड़ानें 3,600 रुपये से 4,300 रुपये के बीच उपलब्ध हैं।
विधायक ने कहा, “अगर शुरुआती चरण में ही हवाई किराया दिल्ली हवाई अड्डे के किराए से अधिक हो जाता है, तो इससे यात्रियों पर अनावश्यक वित्तीय बोझ पड़ेगा और हवाई अड्डे की प्रतिस्पर्धात्मकता पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा।”
भाषा जितेंद्र संतोष
संतोष

Facebook


