जम्मू में अतिक्रमण विरोधी अभियान का भाजपा ने विरोध किया

जम्मू में अतिक्रमण विरोधी अभियान का भाजपा ने विरोध किया

जम्मू में अतिक्रमण विरोधी अभियान का भाजपा ने विरोध किया
Modified Date: May 6, 2026 / 02:00 pm IST
Published Date: May 6, 2026 2:00 pm IST

जम्मू, पांच मई (भाषा) जम्मू विकास प्राधिकरण (जेडीए) द्वारा चलाए जा रहे अतिक्रमण विरोधी अभियान का विरोध करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अभियान को रोकने, मौजूदा संरचनाओं को नियमित करने तथा ‘दोषी’ अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

अवैध निर्माणों पर अंकुश लगाने तथा नियोजन मानदंडों को लागू करने के उद्देश्य से जेडीए ने चार मई को जम्मू-सांबा पट्टी में रिंग रोड पर बिना अनुमति के निर्मित किए गए 15 से अधिक भवनों को ध्वस्त कर दिया।

इसे लेकर तनाव तब और बढ़ गया जब भाजपा के विधायक राजीव कुमार भगत और स्थानीय लोग बिश्नाह इलाके में तीन मंजिला इमारत को गिराने से रोकने के लिए बुलडोजर के सामने खड़े हो गए। पार्टी के कई नेता भी इस विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए।

इसके बाद पांच मई को राजीव कुमार भगत, गारू राम भगत, सुरिंदर भगत और पूर्व विधायक चंद्र प्रकाश गंगा सहित भाजपा नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जेडीए के उपाध्यक्ष रूपेश कुमार से मुलाकात की और इस अभियान को निलंबित करने तथा मौजूदा ढांचों के पंजीकरण एवं नियमितीकरण की मांग की।

भगत ने पत्रकारों से कहा, “हमने बार-बार कहा है कि जेडीए को लोगों को यह बताना चाहिए कि निर्माण की अनुमति कहां है। यह बताने के बजाय, कर्मचारियों ने पैसे लिए और निर्माण कार्य की अनुमति दी। इसके बाद जब इमारतें तीसरी मंजिल तक पहुंच गईं (अनुमत ऊंचाई सीमा से अधिक), तो उन्हें ध्वस्त कर दिया।”

विधायक ने जेडीए अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की, जिसमें प्रवर्तन कर्मचारियों का निलंबन भी शामिल है। साथ ही इस संबंध में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो से जांच की मांग की।

गारू राम भगत के अनुसार, जेडीए अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि पहले से निर्मित ढांचों को तुरंत नहीं तोड़ा जाएगा।

उन्होंने कहा कि लोगों को अनापत्ति प्रमाण पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अनुमति दी जाएगी और मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य को फिर से शुरू किया जा सकेगा।

वहीं, जेडीए के अधिकारियों ने कहा कि यह अभियान उचित नोटिस जारी करने के बाद चलाया गया था।

भाषा प्रचेता वैभव

वैभव


लेखक के बारे में