भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर सपा सांसद की आलोचना की
भाजपा ने प्रधानमंत्री मोदी पर की गई टिप्पणी को लेकर सपा सांसद की आलोचना की
नयी दिल्ली, 11 मई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणी किये जाने को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद अजेंद्र सिंह लोधी की सोमवार को कड़ी आलोचना की।
भाजपा ने कहा कि यह सपा की राजनीतिक संस्कृति और चरित्र को दर्शाता है और लोग 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों में इसे मुंहतोड़ जवाब देंगे।
लोधी ने उत्तर प्रदेश के महोबा में विरोध प्रदर्शन के दौरान मोदी को ‘‘देश विरोधी’’ कहा और प्रधानमंत्री की मितव्ययिता की अपील को लेकर उन पर निशाना साधते हुए कुछ अपशब्दों का इस्तेमाल किया।
सोमवार को ऑनलाइन सामने आए एक वीडियो में, सपा सांसद को प्रधानमंत्री के खिलाफ कथित तौर पर टिप्पणी करते हुए सुना जा सकता है।
सोशल मीडिया पर वीडियो क्लिप साझा करते हुए, पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला समेत भाजपा के कई नेताओं ने लोधी की टिप्पणियों पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की और कहा कि उनकी ‘‘घटिया और अभद्र टिप्पणियां’’ समाजवादी पार्टी की ‘‘विकृत मानसिकता’’ को दर्शाती हैं।
पूनावाला ने एक वीडियो संदेश में कहा, ‘‘समाजवादी पार्टी के सांसद द्वारा प्रधानमंत्री के खिलाफ इस्तेमाल की गई भाषा, अपशब्द और धमकियां न तो आश्चर्यजनक हैं और न ही चौंकाने वाली। यह उनकी राजनीतिक संस्कृति और चरित्र का हिस्सा है। देश की जनता उन्हें मुंहतोड़ जवाब देगी।’’
भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने लोधी की टिप्पणियों को प्रधानमंत्री मोदी को देश की जनता द्वारा दिए गए जनादेश का ‘‘अपमान’’ बताया।
शुक्ला ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘सपा सांसद अजेंद्र सिंह लोधी द्वारा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ की गई घृणित और अभद्र टिप्पणी उनकी पार्टी की विकृत मानसिकता को दर्शाती है। ओछी राजनीति करने वालों के बयान स्वाभाविक रूप से घृणित होंगे। उनकी अभद्र भाषा ही उनकी पहचान और संस्कृति है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘जब विपक्ष मुद्दों को लेकर पूरी तरह विफल हो जाता है, तो वह गाली-गलौज और घटिया राजनीति का सहारा लेता है।’’
भाषा देवेंद्र माधव
माधव

Facebook


