भाजपा कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी करेगी और उनसे जवाब मांगेगी : पार्टी के प्रदेश प्रमुख बड़ौली
भाजपा कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी करेगी और उनसे जवाब मांगेगी : पार्टी के प्रदेश प्रमुख बड़ौली
चंडीगढ़, तीन मई (भाषा) भाजपा की हरियाणा इकाई के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने रविवार को कहा कि पार्टी वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई को नोटिस जारी करेगी और सोशल मीडिया पर की गई उनकी कुछ टिप्पणियों पर उनसे जवाब मांगेगी।
हरियाणा में भाजपा के वरिष्ठ नेता कुलदीप बिश्नोई ने शनिवार को अपनी पार्टी की राज्यसभा सदस्य रेखा शर्मा से पूर्व मुख्यमंत्री और उनके पिता भजनलाल के खिलाफ कथित टिप्पणियों के लिए माफी की मांग की और कहा कि ‘‘ऐसा नहीं होने पर यह मामला यहीं तक सीमित नहीं रहेगा।’’
दिवंगत भजनलाल के छोटे बेटे कुलदीप बिश्नोई ने न केवल शर्मा पर तीखा हमला किया, बल्कि प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर भी निशाना साधते हुए दावा किया कि हाल ही में पूर्व मुख्यमंत्री का जिक्र करते हुए उन्होंने ‘‘सम्मानजनक लहजे’’ का इस्तेमाल नहीं किया था।
अंबाला में पत्रकारों से बात करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा, ‘‘हम उन्हें (कुलदीप) नोटिस जारी करेंगे और उनका जवाब मांगेंगे।’’
उन्होंने कहा कि चौधरी भजनलाल ने हरियाणा के मुख्यमंत्री के रूप में लंबे समय तक सेवा की।
शर्मा के बारे में उन्होंने कहा कि वह हाल ही में पंचकुला में आगामी नगर निगम चुनावों के संबंध में एक सभा को संबोधित कर रही थीं।
बड़ौली ने कहा, ‘‘उन्होंने (शर्मा) शब्दों के चयन में गलती की, लेकिन उन्होंने भजनलाल पर कोई व्यक्तिगत टिप्पणी नहीं की। रेखा शर्मा ने बाद में अपने बयान पर स्पष्टीकरण भी दिया। लेकिन कुलदीप बिश्नोई ने सोशल मीडिया के माध्यम से जिस तरह की टिप्पणी की है, हम उन्हें नोटिस जारी करेंगे।’’
भाषा शफीक सुभाष
सुभाष

Facebook


