देहरादून में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, 12 के खिलाफ मामला दर्ज

देहरादून में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, 12 के खिलाफ मामला दर्ज

देहरादून में भाजपा कार्यकर्ता की पीट-पीटकर हत्या, 12 के खिलाफ मामला दर्ज
Modified Date: June 14, 2026 / 02:07 pm IST
Published Date: June 14, 2026 2:07 pm IST

देहरादून, 14 जून (भाषा) देहरादून के बैरागीवाला गांव में हुई झड़प में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 44 वर्षीय स्थानीय पदाधिकारी की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई जबकि उसके परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

मृतक की पहचान विनोद के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, विनोद की शनिवार को सिंचाई को लेकर हुए एक विवाद में हत्या कर दी गई।

इस घटना के बाद प्रशासन ने आरोपियों से जुड़े कथित ‘‘अवैध’’ निर्माणों पर बुलडोजर चलाकर उन्हें गिरा दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद भीड़ ने ‘‘जय श्री राम’’ के नारे लगाए।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार शाम छह बजे से साढ़े छह बजे बजे के बीच विनोद का अपने ही गांव के इम्तियाज के खेत की सिंचाई को लेकर विवाद हो गया था।

पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद लाठियों, लकड़ी के पट्टों, हथौड़ों और फावड़ों से लैस 40 से अधिक लोगों का एक समूह विनोद के घर पहुंचा और परिवार पर हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि सिर पर हथौड़े से वार किए जाने के कारण विनोद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार हमले में विनोद के भाइयों अशोक और राजेश तथा भाभी सुषमा गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।

विकासनगर के विधायक मुन्ना सिंह चौहान ने इस हमले की निंदा करते हुए कहा कि विनोद भाजपा के समर्पित कार्यकर्ता थे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि विनोद की इतनी निर्ममता से हत्या करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

चौहान ने लोगों से शांति बनाए रखने, धैर्य रखने और निष्पक्ष जांच के लिए पुलिस पर भरोसा करने की अपील भी की।

पुलिस के अनुसार मृतक के भाई अशोक की शिकायत के आधार पर 12 नामजद आरोपियों और 30 से 35 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या, दंगा सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

प्राथमिकी में रज्जाक, इम्तियाज, अमन, यूनुस, शाहबाज, शराफत अली, मासूम, आदिल, शमून, सलमान, जावेद और इंतजार के नाम शामिल हैं।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘कथित हत्या के मामले में एक मामला दर्ज कर लिया गया है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।’’

इस बीच, दक्षिणपंथी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने आरोपियों के घरों पर कथित तौर पर पथराव किया और उनकी संपत्ति में तोड़फोड़ की।

शनिवार रात गांव में प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी की भी तैनाती की गई।

भाषा गोला अमित

अमित


लेखक के बारे में